बरेली के सिविल लाइंस में सनसनीखेज चोरी, आर्किटेक्ट के घर से एक करोड़ से अधिक की ज्वेलरी व नकदी साफ
बरेली में वर्ष के अंतिम दिनों में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। सिविल लाइंस क्षेत्र में इस्लामिया ग्राउंड के सामने स्थित एक आर्किटेक्ट के आवास से चोरों ने एक करोड़ रुपये से अधिक के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। परिवार शादी समारोह में शामिल होने बाहर गया हुआ था, इसी दौरान चोरों ने पूरी तैयारी के साथ वारदात को अंजाम दिया।
-रमेश कुमार सिंह-
बरेली। शहर के सिविल लाइंस इलाके में सोमवार रात शातिर चोरों ने एक आर्किटेक्ट के घर को निशाना बनाते हुए करोड़ों की चोरी कर ली। पीड़ित अभिषेक कुमार अपने परिवार के साथ मुरादाबाद में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। घर को बाहर से ताला लगाकर सभी लोग रवाना हुए थे।
मंगलवार 30 दिसंबर की देर शाम जब परिवार मुरादाबाद से वापस लौटा, तो घर का मुख्य दरवाजा टूटा हुआ मिला। अंदर घुसते ही परिवार के होश उड़ गए। घर में रखे दोनों सेफ के ताले टूटे हुए थे और ज्वेलरी के सभी बॉक्स खाली पड़े थे। सोने-चांदी के कीमती जेवरात और नकदी पूरी तरह गायब थी। घर का सामान बिखरा पड़ा था, जिससे साफ जाहिर हो रहा था कि चोरों ने जल्दबाजी में लेकिन पूरी जानकारी के साथ चोरी की।
परिजनों ने बताया कि घर के अंदर एक बाइक भी गिरी हुई मिली, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोर जल्दबाजी में निकलते समय असंतुलित हो गए होंगे। अभिषेक कुमार के पिता गुलशन कुमार, जो कि रिटायर्ड आरईएस अधिकारी हैं, ने बताया कि घर में उनकी पत्नी और दोनों बहुओं के वर्षों से संजोए गए कीमती जेवरात रखे हुए थे। प्रारंभिक आकलन में चोरी गए सामान की कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। परिवार का कहना है कि जीवनभर की जमा पूंजी एक ही रात में साफ हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोरों ने पत्थर का सहारा लेकर ऊपर से एंगल बनाते हुए घर में प्रवेश किया और सीधे उसी कमरे में पहुंचे, जहां सेफ और कीमती सामान रखा था। इससे स्पष्ट है कि चोरों को घर की पूरी जानकारी थी।
फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट समेत कई अहम साक्ष्य एकत्र किए हैं। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की गई है, जिन्होंने कुछ संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस को दी है। पुलिस अब इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मानुष पारीक स्वयं मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और चोरी के खुलासे के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं। एसपी ने दावा किया कि जल्द ही चोरी का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल पूरे इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और हर संभावित सुराग की गहन जांच की जा रही है।
Bottom of Form