गर्मी में ‘सेवा’ की पहल, सुल्तानगंज चौराहे पर शुरू हुई शीतल जल प्याऊ, राहगीरों को मिलेगी राहत

आगरा। तपती गर्मी के बीच सेवा का उदाहरण पेश करते हुए सेवा आगरा ने बुधवार को सुल्तानगंज चौराहा स्थित नवज्योति अपार्टमेंट के बाहर राहगीरों के लिए प्रथम निःशुल्क शीतल जल प्याऊ का शुभारंभ किया। भीषण गर्मी में प्यास से जूझ रहे लोगों के लिए यह पहल किसी राहत से कम नहीं है।

Apr 15, 2026 - 17:33
 0
गर्मी में ‘सेवा’ की पहल, सुल्तानगंज चौराहे पर शुरू हुई शीतल जल प्याऊ, राहगीरों को मिलेगी राहत
सेवा आगरा संस्था की ओर से शीतल जल की प्याऊ का शुभारंभ करते भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता। साथ हैं पार्षद मुरारी लाल गोयल।

प्याऊ का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, सेवा आगरा के संस्थापक अध्यक्ष व पार्षद मुरारी लाल गोयल ‘पेंट वाले’ और संस्थापिका सुमन गोयल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर और राहगीरों को शीतल जल पिलाकर किया।

मुख्य अतिथि राजकुमार गुप्ता ने कहा कि मानव सेवा के क्षेत्र में सेवा आगरा के कार्य बेहद सराहनीय हैं। संस्था द्वारा हेलमेट लगाओ-जीवन बचाओ अभियान, स्वास्थ्य शिविर, निःशुल्क बच्चों की शिक्षा और धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ जल सेवा जैसे प्रकल्प समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में प्यास बुझाना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है, क्योंकि पानी के अभाव में कई लोग बीमार पड़ जाते हैं या अपनी जान तक गंवा देते हैं।

संस्थापक मुरारी लाल गोयल और सुमन गोयल ने कहा कि जनसेवा से आत्मिक संतोष मिलता है और यही संस्था का उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि गर्मी के मौसम में शहर के लगभग एक दर्जन स्थानों पर इसी तरह की प्याऊ स्थापित की जाएंगी, ताकि अधिक से अधिक लोगों को राहत मिल सके।

कार्यक्रम में सुमन गोयल, हरिओम गोयल, शिवराम सिंघल, कुमकुम उपाध्याय, आशा अग्रवाल, विश्वनाथ भारद्वाज, पूजा जैन, सुरेश गुप्ता, मयंक खंडेलवाल, विनय अग्रवाल, मनीष माहेश्वरी, मीनाक्षी शर्मा, देवेंद्र चौहान, मीरा कुशवाहा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor