कुपोषण के खिलाफ सेवा भारती का अभियान, 23 से 30 सितंबर तक होंगे विविध कार्यक्रम
आगरा। कुपोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और मातृ-शिशु स्वास्थ्य को मजबूत करने के लिए सेवा भारती ब्रज प्रदेश 23 से 30 सितंबर 2026 तक ‘सुपोषित भारत अभियान’ चलाएगा। जयपुर हाउस स्थित माधव भवन में पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह सेवा प्रमुख सेन्थिल कुमार और पश्चिम उप्र क्षेत्र के सेवा प्रमुख धनीराम ने अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य कुपोषण मुक्त भारत, स्वस्थ मातृ एवं शिशु, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है।
अभियान की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन, भारत माता वंदन, उद्घाटन और संकल्प के साथ होगी। विभिन्न स्थानों पर कुपोषण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, एनीमिया निवारण और सुपोषण पर विशेषज्ञ संगोष्ठियां होंगी। स्वास्थ्य शिविरों में स्वास्थ्य जांच, हीमोग्लोबिन परीक्षण, टीकाकरण, परामर्श और आवश्यक दवाओं का वितरण किया जाएगा।
बच्चों व युवाओं के लिए चित्रकला और निबंध प्रतियोगिताएं तथा स्थानीय सामग्री से संतुलित एवं पौष्टिक थाली बनाने की प्रतियोगिता होगी। गांवों और नगरों में जनजागरण व वाहन रैली, मानव श्रृंखला तथा पोस्टर-पंपलेट वितरण के जरिए सुपोषण, स्वच्छता और स्वास्थ्य का संदेश दिया जाएगा। महिला प्रबोधन कार्यक्रमों में पोषण, स्वच्छता, गर्भवती माताओं की देखभाल और एनीमिया से बचाव की जानकारी दी जाएगी। चित्र, ग्राफ और वीडियो के जरिए भी सुपोषण संबंधी जानकारी प्रदर्शित होगी।
सेवा भारती ने समाज के सभी वर्गों से अभियान में सहभागिता कर सुपोषण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर प्रमोद शर्मा, क्षेत्र कार्यवाहक; शशांक भाटिया, माननीय प्रान्त संघचालक; उमेश गर्ग, अध्यक्ष सेवा भारती ब्रज प्रदेश; प्रमोद कुमार, संगठन मंत्री; संजय शर्मा, महासचिव; सूर्यनारायण मिश्र, सचिव; भूपेन्द्र परिहार, कोषाध्यक्ष; निर्मला सिंह, उपाध्यक्ष; पंकज खंडेलवाल और चंदन, ब्रज प्रान्त सह सेवा प्रमुख आदि उपस्थित रहे।