बाह सर्किल में संघर्ष की कई घटनाएं, 13 घायल, किशोर को चपेट मारने वाले ट्रक में तोड़फोड़, ड्राइवर की धुनाई
बाह/पिनाहट/जैतपुर। पुलिस सर्किल बाह में कई स्थानों पर हुई संघर्ष की घटनाओं में कई लोग घायल हो गए। एक सड़क हादसा भी हुआ, जिसमें एक युवक घायल हुआ है।
बटेश्वर मेला क्षेत्र में भिड़ गए दुकानदार, छह घायल
बटेश्वर। थाना बाह क्षेत्र में बटेश्वर मेला क्षेत्र में उन दो दुकानदारों के बीच एक बार फिर संघर्ष हो गया, जिनके बीच कुछ समय पहले भी झगड़ा हुआ था। दोनों दुकानदारों के अलावा उनके परिवारीजनों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला किया, जिसमें छह लोग घायल हुए हैं। दोनों ही पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने झगड़े को शांत कराया।
जैतपुर में संघर्ष, छह घायल
कस्बा जैतपुर में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी डंडों से प्रहार किया, जिसमें दोनों पक्षों के आधा दर्जन लोग घायल हो गए। इन सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक पक्ष के विजेंद्र, राकेश, सुनील पुत्रगण राम सिंह, राखी पत्नी विजेंद्र सभी निवासीगण जैतपुर और दूसरे पक्ष के बीरु पुत्र साहिब सिंह, अमन पुत्र हाकिम सिंह निवासी जैतपुर को चोटें आई हैं।
दबंगों ने किसान से मारपीट
बाह। थाना क्षेत्र के समोखीपुरा निवासी किसान सतीश पुत्र मूंगाराम के साथ गांव के ही कुछ लोगों ने मारपीट कर दी। सतीश द्वारा थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि गांव के सेवाराम पुत्र छोटई उसके खेत में लकड़ी गाड़ रहे थे, जिसका विरोध करने पर सेवाराम, हरिओम, मुरारी और राधे जमकर मारपीट की। सिर में डंडा मारा, जिससे उसे चोट पहुंची है। पुलिस ने घायल का मेडिकल कराया है।
किशोर को टक्कर मारकर भागते कैंटर को ग्रामीणों ने पकड़ा
पिनाहट। मनसुखपुरा थाना क्षेत्र के बड़ापुरा गांव के पास एक कैंटर ने राह चलते एक किशोर को चपेट मार दी, जिससे वह घायल हो गया। दुर्घटना करने के बाद चालक ने कैंटर को दौड़ा दिया। आसपास मौजूद लोगों ने पीछा कर थोड़ी दूरी पर कैंटर को रुकवा लिया और उसके चालक की जमकर धुनाई की। गुस्साए लोगों ने कैंटर में भी तोड़फोड़ कर दी।
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कैंटर के चालक को भीड़ से छुड़ाकर अपने कब्जे में ले लिया। उधर घायल किशोर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।