डावर फुटवियर में शक्ति संवादः महिला आयोग अध्यक्ष बोलीं- आत्मनिर्भर भारत की नींव बनेगी महिला शक्ति

आगरा। डावर फुटवियर इंडस्ट्रीज में बुधवार को ‘शक्ति संवाद-महिला कर्मियों की बात’ कार्यक्रम में राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने महिला कर्मियों से संवाद किया और उन्हें सशक्त भारत की रीढ़ बताया। इस दौरान उन्होंने डावर फुटवियर यूनिट का दौरा भी किया।

Jun 19, 2025 - 12:31
 0
डावर फुटवियर में शक्ति संवादः महिला आयोग अध्यक्ष बोलीं- आत्मनिर्भर भारत की नींव बनेगी महिला शक्ति
डावर फुटवियर यूनिट में शक्ति संवाद के लिए पहुंचीं राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॊ. बबीता सिंह चौहान। साथ हैं उद्यमी पूरन डावर।  

फुटवियर सेक्टर में अपार संभावनाएं: तेजी से बढ़ता रोजगार क्षेत्र

विजया रहाटकर ने इस मौके पर कहा कि फैशन और कपड़ा उद्योग के बाद भारत का जूता उद्योग सबसे तेज़ी से विकसित हो रहा है। देश में प्रति व्यक्ति दो से तीन जोड़ी फुटवियर की सालाना खपत इस क्षेत्र की व्यापक संभावनाओं को दर्शाती है। उन्होंने इसे महिला सशक्तिकरण का सशक्त माध्यम बताते हुए कहा कि यह क्षेत्र आने वाले वर्षों में आर्थिक विकास का बड़ा आधार बनेगा।

महिलाएं बना रही हैं लखपति दीदी, जा रहीं नई ऊंचाइयों तक

उन्होंने केंद्र सरकार की जनधन योजना, मुद्रा योजना, स्टार्टअप इंडिया, आयुष्मान भारत और तीन तलाक कानून जैसे अभियानों का ज़िक्र करते हुए बताया कि अब महिलाएं ड्रोन उड़ा रही हैं, इनोवेशन कर रही हैं और ‘लखपति दीदी’ बनकर मिसाल गढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि जब देश की 50% आबादी महिलाएं हैं, तो उद्योगों में भी उनकी भागीदारी 50% तक सुनिश्चित करनी होगी।

महिला कौशल विकास ही आत्मनिर्भरता की कुंजी: डॉ. बबिता चौहान

यूपी राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबिता चौहान ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का सपना तभी पूरा होगा, जब महिलाओं के लिए नियमित कौशल विकास प्रशिक्षण और अवसर सुनिश्चित किए जाएंगे। उन्होंने महिलाओं को आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता से आगे बढ़ने का आह्वान किया।

महिला भागीदारी से ही बनेगा आत्मनिर्भर और विकसित भारत: पूरन डावर

विशिष्ट अतिथि और डीसीएफएलआई चेयरमैन पूरन डावर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का विज़न है कि इंडस्ट्री में महिला भागीदारी को 50% तक लाया जाए। उन्होंने कहा कि दक्षिण भारत में यह भागीदारी 80-85% तक पहुंच गई है, जबकि उत्तर भारत को अभी लंबा सफर तय करना है। उन्होंने सुझाव दिया कि केवल 1 से 3 महीने की ट्रेनिंग के माध्यम से महिलाएं आसानी से इस उद्योग से जुड़ सकती हैं।

कार्यक्रम में इनकी रही मौजूदगी

कार्यक्रम में एनसीडब्ल्यू सदस्य डेलिना खोंगदुप, संयुक्त सचिव बी. राधिका चक्रवर्ती, प्रधान निजी सचिव रामावतार सिंह, श्रुति कौल, पल्लवी महाजन की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। धन्यवाद ज्ञापन एफमैक उपाध्यक्ष गोपाल गुप्ता व राजेश सहगल ने किया। स्वागत डावर फुटवियर प्रबंधक राजीव मिश्रा एवं शालिनी शर्मा ने किया। आयोजन की व्यवस्थाएं इन्क्रेडिबल इंडिया फाउंडेशन के ब्रजेश शर्मा, अजय शर्मा व डॉ. राम नरेश शर्मा ने संभालीं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. तरुण शर्मा ने किया।

SP_Singh AURGURU Editor