आगरा की आंबेडकर यूनिवर्सिटी में शर्मनाक कांड! प्रोफेसर ने छात्रा से की अश्लील बातें, पुलिस ने शुरू की जांच
आगरा का डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय एक शिक्षक की हरकत से शर्मसार हुआ है। रसायन विज्ञान विभाग के प्रोफेसर पर शोध छात्रा से अश्लील बातें करने के गंभीर आरोप लगे हैं। छात्रा ने पुलिस को बातचीत का ऑडियो सबूत भी सौंपा है, जिसमें प्रोफेसर की आवाज होने की पुष्टि प्रारंभिक जांच में सामने आई है। इस पूरे मामले ने गुरु और शिष्य के पवित्र रिश्ते को कलंकित करने वाली बहस को फिर जन्म दे दिया है।
आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय (डीबीआरएयू) के रसायन विज्ञान विभाग में कार्यरत प्रोफेसर गौतम जायसवाल पर एक शोध छात्रा ने गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रा का कहना है कि प्रोफेसर उसे बार-बार फोन पर अश्लील बातें करते हैं और निजी जीवन से जुड़े अनुचित सवाल पूछते हैं। परेशान होकर छात्रा ने न्यू आगरा थाने में तहरीर दी है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। छात्रा द्वारा सौंपे गए ऑडियो में प्रोफेसर की ही आवाज होने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस ने ऑडियो को जांच के लिए फॉरेंसिक प्रयोगशाला भेजने की तैयारी कर ली है।
सूत्रों के मुताबिक शाम तक प्रोफेसर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा सकती है और गिरफ्तारी की कार्रवाई भी संभव है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने भी मामले की गंभीरता को देखते हुए आंतरिक जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि डेढ़ साल पहले भी समाज विज्ञान संस्थान के एक प्रोफेसर पर छात्रा ने इसी तरह के आरोप लगाए थे। उस समय भी मामला काफी सुर्खियों में रहा, मगर कड़े कदम न उठाए जाने से अब एक बार फिर विश्वविद्यालय की साख पर सवाल उठ रहे हैं।
शिक्षा जगत से जुड़े लोग कह रहे हैं कि ऐसे मामलों से गुरु-शिष्य के पवित्र रिश्ते पर धब्बा लगता है। विश्वविद्यालय प्रशासन को चाहिए कि ऐसे शिक्षकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करते हुए यह संदेश दे कि यहां चरित्रहीनता को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।