रणजी ट्रॉफी में शमी की दहाड़, सात विकेट लिए, टीम इंडिया में वापसी की दावेदारी पेश की
एक बार फिर रणजी ट्रॉफी के मुकाबले शुरू हो गए हैं। ऐसे में बंगाल और सर्विसेज के बीच चल रहे मुकाबले में तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने शानदार गेंदबाजी की है।
नई दिल्ली। रणजी ट्रॉफी एलीट के ग्रुप सी में बंगाल और सर्विसेज के बीच मुकाबला चल रहा है। इस मैच में भारतीय टीम से बाहर चल रहे मोहम्मद शमी भी खेल रहे हैं। बंगाल के लिए खेलते हुए मोहम्मद शमी ने गजब गेंदबाजी की है। उन्होंने सर्विसेज के बल्लेबाजों के होश उड़ा दिए। मोहम्मद शमी लगातार डॉमेस्टिक क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। लेकिन, इसके बावजूद वह टीम इंडिया में कमबैक नहीं कर पा रहे हैं।
सर्विसेज के खिलाफ पहली और दूसरी पारी मिलाकर मोहम्मद शमी ने कुल 7 विकेट लिए। उन्होंने पहली पारी में गौरव कोचर और मोहिक अहलावत को आउट किया था और 16 ओवर में कुल 37 रन दिए थे। फिर इसके बाद दूसरी पारी में मोहम्मद शमी ने कमाल कर दिया। उन्होंने पंजा खोला। शमी ने दूसरी पारी में 16 ओवर में 51 रन देकर 5 विकेट लिए। शमी ने शुभम रोहिल्ला, रवि चौहान, कप्तान रजत पलिवाल और विनीत धंकर का शिकार किया था। तीसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद सर्विसेज का स्कोर 8 विकेट पर 261 रन है। वे 102 रन से पीछे हैं। बता दें कि सर्विसेज फॉलो ऑन खेल रही है।
35 साल के मोहम्मद शमी ने भारत के लिए आखिरी टेस्ट मैच 2023 में खेला था। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ डब्ल्यूटीसी (वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप) फाइनल में भारत के लिए आखिरी टेस्ट खेला था। वहीं वनडे और टी20 उन्होंने आखिरी बार 2025 की शुरुआत में खेला था।
मोहम्मद शमी ने अब तक भारत के लिए 64 टेस्ट, 108 वनडे और 25 टी20 मुकाबले खेले हैं। टेस्ट में शमी के नाम 229, वनडे में 206 तो टी20 में 27 विकेट हैं। मोहम्मद शमी ने 2023 के वनडे वर्ल्ड कप में भारत को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने कुल 24 विकेट झटके थे।