नौ पौवे के लिए के लेन-देन में साथी हिमांशु ने श्मशान घाट पर ली थी शमशुद्दीन की जान

आगरा। थाना ताजगंज पुलिस ने ताजगंज श्मशान घाट पर सोते समय हुई युवक की हत्या के मामले में आरोपी हिमांशु को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या उसी ने की थी, जो मृतक का साथी था। मृतक शमशुद्दीन पिछले तीन साल से श्मशान घाट पर चिता लगाने का काम करता था। पुलिस के मुताबिक, हिमांशु ने बीते रविवार को रात के समय शराब के नशे में अपने साथी शमशुद्दीन पर फावड़े से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

Oct 9, 2025 - 11:48
 0
नौ पौवे के लिए के लेन-देन में साथी हिमांशु ने श्मशान घाट पर ली थी शमशुद्दीन की जान

जानकारी के अनुसार दोनों के बीच काफी समय से तनातनी चल रही थी। शनिवार-रविवार की रात शराब पीने के बाद यह विवाद इतना बढ़ गया कि बात जानलेवा हमला तक पहुंच गई। जब शमशुद्दीन कंबल ओढ़कर सो रहा था, तभी हिमांशु ने उस पर फावड़े से ताबड़तोड़ प्रहार कर दिया। गंभीर हालत में उसे भाई बदरुद्दीन ने एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शव की हालत देखकर पुलिस भी दंग रह गई—एक आंख लटकी हुई थी और जबड़ा बुरी तरह टूट चुका था।

पुलिस जांच में पता चला कि दोनों श्मशान घाट में चिता लगाने के काम के एवज में मिलने वाले रुपये पर निर्भर थे। हिमांशु को शमशुद्दीन पर नौ पौवे शराब का बकाया था, जिसे लेकर दोनों में झगड़ा हुआ। नशे में धुत हिमांशु ने सोते हुए शमशुद्दीन पर हमला कर दिया और फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है तथा उसकी मदद करने वालों से पूछताछ जारी है।

SP_Singh AURGURU Editor