आगरा किले में शिव जयंती महोत्सव: महाराष्ट्र के सीएम फडणवीस बोले- अब मुगल नहीं, मराठा शौर्य पढ़ाया जाएगा, 2030 में छत्रपति की 400वीं जयंती पर पीएम मोदी को आगरा किला लाएंगे

आगरा। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को आगरा किले से ऐलान किया कि छत्रपति शिवाजी महाराज की 400वीं जयंती पर 2030 आगरा किले में होने वाले कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लाएंगे।

Feb 19, 2026 - 21:52
 0
आगरा किले में शिव जयंती महोत्सव: महाराष्ट्र के सीएम फडणवीस बोले- अब मुगल नहीं, मराठा शौर्य पढ़ाया जाएगा, 2030 में छत्रपति की 400वीं जयंती पर पीएम मोदी को आगरा किला लाएंगे
आगरा किला में गुरुवार को आयोजित छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती महोत्सव का दीप जलाकर उदघाटन करते महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस। साथ हैं उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय।

छत्रपति शिवाजी महाराज की 396वीं जयंती के अवसर पर आयोजित शिवजयंती महोत्सव में इतिहास, शिक्षा और राष्ट्रबोध से जुड़ा सशक्त वक्तव्य देते हुए कहा कि पिछले सात दशकों तक एनसीईआरटी की पुस्तकों में मुगल साम्राज्य को 17 पृष्ठ दिए गए, जबकि मराठा साम्राज्य के लिए केवल एक पैराग्राफ था। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि नई पाठ्यचर्या में मराठा साम्राज्य को 20 पृष्ठों का स्थान मिला है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अब भारत में मुगलों का इतिहास नहीं पढ़ाया जाएगा, बल्कि स्वराज और स्वाभिमान का इतिहास पढ़ाया जाएगा।

मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज सूर्य की किरण की तरह थे, जिन्हें कोई रोक नहीं सकता। जिन मराठों को कुचलने के इरादे से औरंगज़ेब महाराष्ट्र आया, वहीं उसकी कब्र बनी। शिवाजी महाराज केवल राजा नहीं, एक विचार थे। एक ऐसा विचार जिसने भारत को स्वतंत्रता की चेतना दी। यह इतिहास ब्रिटिश काल में योजनाबद्ध तरीके से पाठ्य पुस्तकों से हटाया गया, जिसे अब पुनः स्थापित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक घोषणा करते हुए कहा कि 2030 में छत्रपति शिवाजी महाराज की 400वीं जयंती के अवसर पर शिवजयंती कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी को आगरा किले लाया जाएगा। उन्होंने आगरा किले को स्वाभिमान की वह भूमि बताया, जहां से शिवाजी महाराज ने आत्मसम्मान और चातुर्य का संदेश दिया। आगरा किला से जुड़ी स्मृतियां आज भी राष्ट्र को प्रेरित करती हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि कोठी मीना बाजार में प्रस्तावित छत्रपति शिवाजी महाराज के स्मारक-संग्रहालय के निर्माण की कार्यवाही अंतिम चरण में है। इस ऐतिहासिक परियोजना के लिए उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार और भारतीय पुरातत्व विभाग को सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि शिवजयंती केवल उत्सव नहीं, बल्कि प्रेरणा का अवसर है, जो आने वाली पीढ़ियों को स्वराज, साहस और सम्मान का मार्ग दिखाता है।

SP_Singh AURGURU Editor