कमला नगर से बल्केश्वर महादेव मंदिर तक निकली शिव बरात

आगरा। बल्केश्वरनाथ महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व पर बुधवार को विशेष उत्सव मनाया गया। पूरे दिन श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। शाम को कमला नगर से भव्य शिव बरात निकाली गई। बल्केश्वर मंदिर आकर्षक विद्युत झालरों से झिलमिलाता रहा।

Feb 26, 2025 - 20:58
 0
कमला नगर से बल्केश्वर महादेव मंदिर तक निकली शिव बरात
कमला नगर से बुधवार को शिवरात्रि के मौके पर निकाली गई शिव बरात में भोले बाबा की पालकी को कंधों पर उठाकर चलते श्रद्धालु।

-भव्य झांकियों के अलावा नृत्य करते सुर-असुरों के स्वरूप आकर्षण का केंद्र रहे

मंदिर के दो प्रवेश द्वारों पर जलाधारी लगाई गई थी, जिसके माध्यम से लगातार हजारों श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। इसके लिए पूरे दिन लंबी कतार लगी रही। रात को चार श्रंगार करके चार आरतियां की गईं। रात्रि जागरण किया गय़ा और भक्ति गीत, संगीत का भी कार्यक्रम हो रहा है। मंदिर के बाहर मेला लगा रहा। दिन भर भीड़ उमड़ती रही।

शाम को श्रीराम मंदिर, कमला नगर से शिव बरात निकाली गई। इसमें विभिन्न देवी-देवताओं की सात मनमोहक झांकियां शामिल थीं। सबसे आगे गणेश जी, लक्ष्मी जी, विष्णुजी और भोलेनाथ की झांकी बैंडबाजों के साथ निकाली गईं। सुर और असुरों के स्वरूप भी नृत्य करते हुए चल रहे थे। अंत में बाबा की पालकी श्रद्धालु कंधों पर उठाकर चल रहे थे, जिस पर बल्केश्वर महादेव का प्राचीन शिवलिंग का प्रतिरूप विराजमान था।

कमला नगर से टंकी वाला रोड, चांदनी चौक, बल्केश्वर सब्जी मंडी से बल्केश्वर चौराहे होते हुई यह बरात बल्केश्वर मंदिर पहुंची। रास्ते में जगह-जगह बाबा भोलेनाथ की आरती उतारी गयी और बरात का स्वागत किया गया।

महंत कपिल नागर के अनुसार गुरुवार को सुबह खप्पर पूजन किया जाएगा। अपराह्न तीन बजे से महिला संगीत का आयोजन होगा।

 

SP_Singh AURGURU Editor