ब्राह्मण अखाड़े के दंगल में शिवा पहलवान ने जीती सात हजार की कुश्ती
आगरा। ताजगंज स्थित दशहरा घाट के ब्राह्मण अखाड़े में मंगलवार को पारंपरिक वार्षिक दंगल मेले का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें दूर-दराज से आए पहलवानों ने मिट्टी पर दमखम दिखाया। इस दंगल में छोटे से लेकर बड़े पहलवानों की कुश्तियां हुईं।
-वार्षिक दंगल मेले में हुईं कई अन्य कुश्तियां
मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि आईपीएस आलोक राज नारायण, श्री दाऊजी महाराज खाटूश्याम मंदिर के अध्यक्ष राजू गोयल, और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा ने पहलवानों से हाथ मिलाकर किया।
शिवा-रोहित की भिड़ंत रही आकर्षण का केंद्र
दंगल का सबसे बड़ा आकर्षण शिवा पहलवान और रोहित पहलवान के बीच हुई ₹7000 की इनामी कुश्ती रही, जिसमें शानदार दांव-पेंचों के बाद शिवा ने जीत दर्ज कर इनाम अपने नाम किया।
अन्य कुश्तियों में विष्णु ने लवेश को हराया। पंकज ने मोहित, कान्हा ने लव निषाद को हराया। कार्तिक ने शिवम् को हराया। ललित को हराकर कान्हा ने जीत दर्ज की। जतिन ने अमन को, विजय ने आशीष को हराया। रवि-निखिल की कुश्ती बराबरी पर छूटी। अनुज ने अंकित को, प्रियांशु ने प्रह्लाद को हराया। रोहित और करन के बीच कुश्ती ड्रॉ रही।
आयोजकों में ये थे प्रमुख लोग
दंगल आयोजन में संयोजक चेतन अरोरा, नरेश सहगल, कपिल पाठक, टिंकल ठाकुर, नरेश देवनानी, पार्षद सुधीर राठौर, अंकित सारस्वत, राहुल शिवहरे, प्रदीप राठौर सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
अखाड़ा संचालक सुंदर दुबे और मुन्ना पठान ने बताया कि इस दंगल मेले का उद्देश्य पारंपरिक कुश्ती संस्कृति को जीवंत बनाए रखना और नवोदित पहलवानों को मंच प्रदान करना है।