शिवमय नाथ नगरी: महाशिवरात्रि पर डिजिटल लाइटिंग, पुष्प सज्जा और जयघोष से गूंजा बरेली
-रमेश कुमार सिंह- बरेली। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर नाथ नगरी बरेली पूरी तरह शिवमय हो गई। आधी रात से ही शिवालयों के बाहर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। बम-बम भोले और हर-हर महादेव के जयघोष से मंदिर परिसर गूंज उठे। शहर के प्रमुख चौराहों, प्रवेश द्वारों और बाजारों में डिजिटल लाइटिंग और फूलों की भव्य सजावट ने आध्यात्मिक उत्सव का अद्भुत दृश्य रचा।
महाशिवरात्रि पर नाथ नगरी बरेली में आस्था, भक्ति और भव्यता का संगम दिखा। प्रमुख शिवालयों में विशेष अनुष्ठान, ब्रह्म मुहूर्त में जलाभिषेक, कांवड़ियों की गंगाजल यात्रा और प्रशासन की सुदृढ़ व्यवस्थाओं के बीच पूरा शहर शिवभक्ति में डूबा रहा।
नाथ नगरी के प्रमुख शिवालयों- अलखनाथ मंदिर, त्रिवटी नाथ मंदिर, बनखंडी नाथ मंदिर, धोपीश्वरनाथ मंदिर, मढ़ीनाथ मंदिर और पशुपति नाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और अनुष्ठान आयोजित किए गए। ब्रह्म मुहूर्त में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। कांवड़िए गंगाजल लेकर पहुंचे और रुद्राभिषेक, बेलपत्र अर्पण व विशेष पूजन किया गया। मंदिर परिसरों में भजन-कीर्तन से वातावरण भक्तिमय रहा।
महाशिवरात्रि के अवसर पर प्रशासन ने सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम किए। स्वयंसेवकों ने श्रद्धालुओं को कतारबद्ध दर्शन में सहयोग दिया। देर रात से रविवार पूरे दिन तक मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
डिजिटल लाइटिंग और प्रतिमाओं का लोकार्पण
शहर के चौक-चौराहों और तिराहों को पुष्पों और डिजिटल लाइटों से सजाया गया। झुमका तिराहा पर नंदी महाराज और इन्वर्टिस तिराहा पर भगवान नटराज की भव्य प्रतिमाओं का शुभारंभ किया गया। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) द्वारा धार्मिक-सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इन प्रतिमाओं का लोकार्पण किया गया। नंदी पार्क को और भव्य-दिव्य स्वरूप दिया जा रहा है, वहीं शाहजहांपुर रोड पर स्थापित नटराज की प्रतिमा शहर की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई दे रही है।
बीडीए उपाध्यक्ष मनिकंडन ए. ने बताया कि नाथ नगरी को धार्मिक परंपराओं और संस्कृति के माध्यम से पर्यटन केंद्र के रूप में सुदृढ़ किया जा रहा है। प्रवेश द्वारों पर विशाल प्रतिमाएं, विशेष लाइटिंग, लैंडस्केपिंग और थीम आधारित फ्लावर डेकोरेशन किया गया है। सराफा बाजार से किला-कुतुबखाना तक गेंदा और गुलाब की मालाओं से सजावट की गई है, जो 16 फरवरी तक विशेष पुष्प शृंगार में रहेगी।
जिलाधिकारी ने सपत्नीक किया जलाभिषेक
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने पत्नी रूबी सिंह के साथ महाशिवरात्रि पर अलखनाथ और त्रिवटी नाथ मंदिर में जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। उन्होंने शिवभक्तों को शुभकामनाएं देते हुए जनपद, प्रदेश और देश की उन्नति के लिए बाबा भोलेनाथ से आशीर्वाद मांगा।
जिलाधिकारी ने मंदिरों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों की सराहना की। शिव बारातों के शांतिपूर्ण आयोजन हेतु सीसीटीवी, पार्किंग, संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन के स्पष्ट निर्देश दिए गए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।