अखाड़े की तपोभूमि में गूंजेगा शिव नाम: बाबा धनकामेश्वर नाथ बगीची में सावन रुद्राभिषेक महोत्सव 

आगरा। सावन माह की शिवभक्ति को ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए बाबा धनकामेश्वर नाथ बगीची धन्नामल, खिड़की काले खां, मोती कटरा में 11 जुलाई शुक्रवार से रुद्राभिषेक महोत्सव का भव्य शुभारंभ होने जा रहा है। इस अवसर पर महोत्सव का पोस्टर विमोचन गुरुवार को विधिवत रूप से किया गया।

Jul 10, 2025 - 18:08
 0
अखाड़े की तपोभूमि में गूंजेगा शिव नाम: बाबा धनकामेश्वर नाथ बगीची में सावन रुद्राभिषेक महोत्सव 
खिड़की काले खां, मोती कटरा स्थित बाबा धनकामेश्वर नाथ बगीची धन्नामल में आयोजित होने जा रहे सावन रुद्राभिषेक महोत्सव के पोस्टर का विमोचन करते राजेंद्र गुप्ता, राजेश अग्रवाल, दुष्यंत गर्ग, राजीव गुप्ता, ब्रजो पहलवान आदि।

करीब 400 वर्ष पुरानी इस पौराणिक बगीची को कभी अखाड़ों की तपोभूमि और पहलवानी परंपरा का केंद्र माना जाता था। राजेश पायलट (अध्यक्ष) और राजेन्द्र गुप्ता (कोषाध्यक्ष) ने बताया कि यहां से ओलंपिक पदक विजेता सरदार दर्शन सिंह, तेज सिंह पहलवान, चांदगी राम जैसे दिग्गजों ने देश का नाम रोशन किया। अब यह स्थान न केवल ऐतिहासिक धरोहर है, बल्कि श्रद्धा और साधना का केंद्र भी बन चुका है।

उन्होंने बताया कि 11 जुलाई से 9 अगस्त तक प्रतिदिन प्रातः 8 से 9:30 बजे तक रुद्राभिषेक अनुष्ठान किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु पूजन सामग्री स्थल पर ही प्राप्त कर सकेंगे। पूजन आचार्य शास्त्री रमन बिहारी लाल दाऊजी वालों के निर्देशन में संपन्न होगा।

पोस्टर विमोचन से पूर्व सत्यनारायण भगवान की कथा का आयोजन भी हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर आगरा व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष राजेश अग्रवाल, मंत्री राजीव गुप्ता, दुष्यंत गर्ग, बगीची के मंत्री शरण गुप्ता, आकाश उपाध्याय, ब्रजो पहलवान सहित अनेक गणमान्य जन उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor