श्रीजगन्नाथ मंदिर बना गोकुल धाम, दही हांडी प्रतियोगिता संग हरे कृष्णा संकीर्तन पर झूमे श्रद्धालु
आगरा। कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर (इस्कॉन) में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का उल्लास दूसरे दिन भी नंदोत्सव के रूप में छाया रहा। मंदिर परिसर को फूलों और जूट की नक्काशी से सजाया गया, और भक्त परम्परागत वेश-भूषा में हरे राम हरे कृष्णा कीर्तन पर झूमते नाचते दिखे।
मंदिर में नंदोत्सव पर आयोजित एकल और संयुक्त दही हांडी प्रतियोगिता ने उत्सव को और भी रंगीन बना दिया। 15 फुट ऊंचाई पर लटकी हांडी को तोड़ने के लिए भक्तों ने आंखों पर पट्टी बांधकर और हाथ में डंडा लेकर कई प्रयास किए। युवा श्रद्धालुओं ने पिरामिड बनाकर हांडी तोड़ी, जबकि बुजुर्ग और बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक प्रतियोगिता में भाग लेकर आनंद मनाया।
संध्या काल में हरे राम-हरे कृष्णा कीर्तन की धूम रही। इस्कॉन मंदिर के अध्यक्ष अरविंद स्वरूप ने 127वें श्रील प्रभुपाद पूजा महोत्सव में प्रभुपाद जी का अभिषेक किया। भक्तों ने लगभग 250 व्यंजनों का भोग लगाकर श्रीहरि की सेवा की।
इस अवसर पर आशु मित्तल, संजीव, शैलेन्द्र अग्रवाल, कान्ता प्रसाद, सुशील अग्रवाल, सुशील गुप्ता, संजय कुकरैजा, राजेश उपाध्याय, ओमप्रकाश अग्रवाल, अदिति गौरांगी, शैलेश और शाश्वत ननंदलाल सहित कई श्रद्धालु मौजूद थे।
श्री प्रेम निधि जी मंदिर में नंदोत्सव, पुष्टिमार्गीय भक्ति रस से झूमे श्रद्धालु
आगरा। नाई की मंडी स्थित श्री प्रेम निधि जी मंदिर में पुष्टिमार्गीय परंपरा में नंदोत्सव का आयोजन किया गया। ठाकुर श्याम बिहारी जी का भव्य श्रृंगार और फूल बंगले की सजावट ने भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। भक्तों ने दिव्य दर्शन कर स्वयं को धन्य अनुभव किया और भक्ति रस में डूबे।
भजन-कीर्तन और पुष्टिमार्गीय पदों की मधुर गूंज से मंदिर का वातावरण देर रात तक कृष्णमय बना रहा। भक्तों ने ठाकुरजी के बालरूप का विशेष मोरपंखी श्रृंगार देखा और उनके दर्शन कर असीम आनंद प्राप्त किया।
मुख्य सेवायत हरिमोहन गोस्वामी और सुनीत गोस्वामी ने बताया कि नंदोत्सव केवल जन्मोत्सव नहीं बल्कि भगवदीय आनंद और भक्ति का पर्व है। मंदिर परिसर में झांकी, प्रसादी वितरण और भजन-कीर्तन ने भक्तों को गोकुल की लीलाओं का सजीव अनुभव कराया।
श्री दाऊजी महाराज खाटूश्याम मंदिर पर सजा भव्य फूल बंगला
आगरा। ताजगंज कटरा जोगीदास स्थित श्री दाऊजी महाराज खाटूश्याम मंदिर पर भव्य फूल बंगला और सजावट की गई। अध्यक्ष राजू गोयल ने बताया कि मंदिर प्रांगण में राधा-कृष्ण की झांकियों को विशेष रूप से सजाया गया। माखन की मटकी को फोड़ते हुए देखने की भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। फलों और फूलों से सजे मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन का आयोजन भी हुआ। इस अवसर पर सचिव मंयक अग्रवाल, सुभाष अग्रवाल, कृष्णा मुरारी अग्रवाल, प्रवीन अग्रवाल, अनूप अग्रवाल, अग्रवाल, प्रदीप राठौर, संजीव पोरवाल, रजत गोयल, पप्पू सूरत, शालिनी अग्रवाल, नम्रता अग्रवाल, रुचि गोयल, मधु जिंदल, संध्या, सुभाष आदि मौजूद रहे।
नंदोत्सव पर बेंगलुरू के फूलों से सजा मोहन मंदिर
आगरा। बाग मुजफ्फर खां स्थित श्री राधाकृष्ण महाराज विराजमान मोहन मंदिर में नंदोत्सव पर बेंगलुरू के फूल-फलो और मोर पंखों से खास सजावट की गयी। मंदिर के मुख्य महंत मुकेश चन्द पारासर ने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण को दिव्य छप्पन भोग लगाया और शहनाई वादन का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। भजन संध्या में भजन गायक हेमंत सिकरवार भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे। इस अवसर पर जुगल चतर्वेदी, विनय शर्मा, गोपालदास अग्रवाल, रमन गुप्ता, राजीवकांत लवानिया, नितिन गोयल, विपिन अग्रवाल, हिमांशु वर्मा, नितिन अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
बाबा जाहरवीर मंदिर पर हुआ भंडारा
हलवाई बगीची स्थित बाबा जाहरवीर मंदिर में रविवार को विशाल भंडारे का आयोजन हुआ। सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। पूजा-अर्चना के बाद प्रसाद वितरण व भंडारे की शुरुआत हुई। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। महिला श्रद्धालुओं और बच्चों की भी बड़ी संख्या में भागीदारी रही। आयोजक विवेक गुप्ता ने बताया कि यह आयोजन बाबा के प्रति आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक है। लगातार पांचवीं बार यह आयोजन किया गया।
इस अवसर पर विवेक गुप्ता, अनिल गुप्ता, गोविंद गुप्ता, विनोद गुप्ता, नीरज गुप्ता, मनीष गुप्ता, सत्यम गुप्ता, नेहा गुप्ता, आयुष गुप्ता, निशा गुप्ता आदि भक्त मौजूद रहे।