श्रीकृष्ण लीला महोत्सव: 25 अक्टूबर से 6 नवंबर तक गौशाला परिसर में होंगी लीलाएं, ‘लीलांजलि’ का विमोचन
आगरा। श्रीकृष्ण की लीलाओं और भक्ति के रंगों से सजा आगरा, इस वर्ष एक बार फिर 100 वर्ष से अधिक पुरानी परंपरा को जीवंत होते देखेगा। श्रीकृष्ण लीला महोत्सव अपने 102वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है और इस बार आयोजन को दिव्य और भव्य स्वरूप देने की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। शुक्रवार को वाटर वर्क्स स्थित श्रीकृष्ण गौशाला परिसर में आयोजित कार्यक्रम में ‘लीलांजलि’ पत्रिका का विमोचन किया गया और महोत्सव की रूपरेखा घोषित की गई।
25 अक्टूबर से आरंभ होगा 10 दिवसीय श्रीकृष्ण लीला महोत्सव
समिति अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि डॉ. विजय किशोर बंसल के संरक्षण में यह महोत्सव 25 अक्टूबर से 6 नवंबर तक प्रतिदिन सायं 6:30 बजे से श्रीकृष्ण गौशाला परिसर में आयोजित होगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक नहीं बल्कि सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक बन चुका है। महोत्सव की शुरुआत यमुना मैया चुनरी मनोरथ उत्सव से की जा चुकी है, जिसमें सैकड़ों भक्तों ने बल्केश्वर से पार्वती घाट तक 300 मीटर लंबी साड़ी यमुना मैया को अर्पित की थी।
श्रीगणेश सवारी से होगा शुभारंभ, रोज़ मंचित होंगी अलग-अलग लीलाएं
25 अक्टूबर को दोपहर 4:30 बजे श्री गणेश जी एवं मुकुट की सवारी निकाली जाएगी जो वाटर वर्क्स से बेलनगंज, छत्ता बाजार, जौहरी बाजार, किनारी बाजार, कचहरी घाट आदि मार्गों से गुजरेगी।
26 अक्टूबर को कंस की दुहाई, 27 को देवकी-वासुदेव विवाह और श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, 28 को पूतना उद्धार व डांडिया नृत्य, 29 को फूलों की होली, 30 को माखन चोरी व कालीदह लीला का मंचन होगा।
31 अक्टूबर को पहली बार मीराबाई चरित्र लीला, 1 नवंबर को गिरिराज पूजन व छप्पन भोग, 2 नवंबर को वीर अभिमन्यु चक्रव्यूह, 3 नवंबर को कंस वध और आतिशबाजी, 4 नवंबर को श्रीकृष्ण-बलराम की शोभायात्रा, 5 नवंबर को द्वारका पुरी व रुक्मणी मंगल लीला, और 6 नवंबर को खाटू श्याम जी की भजन संध्या के साथ महोत्सव का समापन होगा।
मीराबाई और अभिमन्यु लीला बनेंगी विशेष आकर्षण
समिति के मंत्री विजय रोहतगी ने बताया कि इस वर्ष पहली बार मीराबाई की लीला और वीर अभिमन्यु चक्रव्यूह लीला का मंचन किया जाएगा। 30 अक्टूबर को श्रीकृष्ण-बलराम गोचरण यात्रा बल्केश्वर और कमला नगर क्षेत्रों में निकाली जाएगी। समिति के पदाधिकारी ग्वाला रूप धारण कर यात्रा में शामिल होंगे।
साफ-सुथरे और सजे हुए लीला स्थल की तैयारी
व्यवस्था प्रमुख पार्षद मुरारी लाल गोयल और गिरिराज बंसल ने बताया कि लीला स्थल पर विशेष सफाई अभियान चलाकर इसे भक्तों के लिए आकर्षक बनाया गया है। संयोजक शेखर गोयल ने बताया कि इस वर्ष कंस वध के दिन मथुरा निवासी अजय द्वारा विशेष आतिशबाज़ी का प्रदर्शन किया जाएगा, जो इस आयोजन को दिव्यता प्रदान करेगा।
‘लीलांजलि’ पत्रिका का विमोचन और उसमें दर्ज श्रद्धा की झलक
‘लीलांजलि’ पत्रिका का संपादन वरिष्ठ पत्रकार आदर्श नंदन गुप्त ने किया है। उन्होंने बताया कि पत्रिका में 10 दिवसीय लीलाओं का संपूर्ण वर्णन, श्रीकृष्ण से जुड़ी कथाएं और प्रेरक प्रसंग प्रकाशित किए गए हैं।
अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि श्रीकृष्ण लीला महोत्सव के दौरान विशाल रक्तदान और निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में शेखर गोयल, संजय गर्ग, अशोक गोयल, विजय रोहतगी, पार्षद मुरारी लाल गोयल, गिरिराज बंसल, आदर्श नंदन गुप्त, विष्णु अग्रवाल ‘राधे राधे’, बृजेश अग्रवाल, पंकज मोहन शर्मा, मनोज अग्रवाल, वीरेंद्र गोयल, विनीत सिंघल, मनोज कुमार गांधी, जवाहर लाल सिंघल, अनंत उपाध्याय, राजीव अग्रवाल, अनूप गोयल, लक्ष्मण शर्मा, तनुराग गोयल, केके अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।