आगरा में श्री महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव, पूर्णमती माताजी का मंगल प्रवेश

आगरा। जैन समाज की प्राचीनतम प्रतिनिधि संस्था आगरा दिगम्बर जैन परिषद के तत्वावधान में भगवान महावीर स्वामी के 2624वें जन्म कल्याणक महोत्सव एवं स्थोत्सव का भव्य शुभारंभ मंगलवार को आर्यिका श्री 105 पूर्णमती माताजी के पावन सानिध्य में हुआ। यह चार दिवसीय आयोजन 08 से 11 अप्रैल 2025 तक एमडी जैन इंटर कॉलेज मैदान में पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है।

Apr 8, 2025 - 18:54
 0
आगरा में श्री महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव, पूर्णमती माताजी का मंगल प्रवेश
एमडी जैन इंटर कॊलेज ग्राउंड पर मंगलवार से शुरू हुए महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव की शुरुआत पर मंगल प्रवेश करतीं आर्यिका श्री 105 पूर्णमती माताजी का स्वागत और ध्वजारोहण करते जैन समाज के गणमान्य लोग।

मंगल प्रवेश यात्रा से हुआ शुभारंभ

8 अप्रैल को महोत्सव की शुरुआत आर्यिका श्री 105 पूर्णमती माताजी के भव्य मंगल प्रवेश के साथ हुई। शोभायात्रा श्री नेमिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर, पीर कल्याणी से प्रारंभ होकर घटिया चौक होते हुए एमडी जैन मंदिर, हरीपर्वत पहुंची, जहां माताजी की आरती उतारकर स्वागत किया गया।

ध्वजारोहण व दीप प्रज्वलन समारोह

अहिंसा चौक, हरीपर्वत पर पं. सौरभ शास्त्री के मंत्रोच्चार के साथ ध्वजारोहण किया गया। मुख्य ध्वजारोहण प्रदीप जैन (पीएनसी) और विमलेश जैन (मारसंस) ने किया। दीप प्रज्ज्वलन विमल जैन, सुनील जैन, रविकान्त जैन, कुलदीप जैन, एवं हीरालाल बच्चीलाल जैन परिवार द्वारा किया गया। मुख्य पंडाल पर भी ध्वजारोहण हुआ। मंगलाचरण श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन महिला मंडल द्वारा किया गया। नीरज जैन ने माताजी को जिनवाणी भेंट की।

आर्यिका श्री पूर्णमती माता जी का संदेश

आयोजन स्थल पर हुई धर्मसभा में प्रवचन करते हुए आर्यिका श्री 105 पूर्णमती माताजी ने कहा कि पापी की संगति पाप देती है, पुण्यात्मा की संगति पुण्य। आज के युग में धर्म और संस्कारों की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक है। बच्चों को धार्मिक वातावरण में लाना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए।

उन्होंने वर्तमान समय में परिवारों में संस्कारों की कमी, संयुक्त परिवारों के टूटने और युवाओं में धार्मिक भावनाओं की कमी पर चिंता व्यक्त की और समाज से पुरानी संस्कृति की ओर लौटने का आह्वान किया।

रात्रि कार्यक्रमों में लाइट एंड साउंड शो

महोत्सव में रात्रिकालीन कार्यक्रमों की शुरुआत व्यापार मेले के साथ होगी। मंगल आरती और भव्य लाइट एंड साउंड शो – कुण्डलपुर के राजकुमार का मंचन दीपक जैन वाणी ग्रुप के निर्देशन में होगा।

ये हैं आगामी कार्यक्रम

परिषद के महामंत्री सुनील जैन ठेकेदार ने बताया कि 9 अप्रैल (बुधवार) को प्रातः 8:30 बजे विश्व नवकार महामंत्र दिवस मनाया जाएगा। 9:00 बजे से मंगल प्रवचन, 10:00 बजे से अखिल भारतीय पल्लीवाल जैन महासभा एवं आगरा दिगम्बर जैन परिषद की ओर से विशाल स्वास्थ्य शिविर एवं रक्तदान शिविर का आयोजन होगा। 2:00 बजे से महिलाओं व बच्चों के लिए मेहंदी, रंगोली, चित्रकला, निबंध, सलाद सज्जा, थाल सजाओ आदि प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।

उन्होंने बताया कि सायं 7:00 बजे मानस्तम्भ की महाआरती होगी जबकि सायं 7:30 बजे से ध्यान साधना शिविर (लाइट एंड साउंड के साथ) होगा। रात्रि 8:00 बजे ओपन माइक प्रतियोगिता (भजन, नृत्य, कविता, कहानी – जैन धर्म पर आधारित) होगी।

एम.डी. जैन इंटर कॉलेज मैदान, हरीपर्वत, आगरा पर हुए आज के पूरे आयोजन का संचालन महामंत्री सुनील जैन ठेकेदार ने किया।

Bottom of Form

SP_Singh AURGURU Editor