श्री राम जानकी बैठे हैं मेरे सीने में,,,आगरा में भक्ति की सुरधारा में डूबा जनक मंच

आगरा। श्री राम जानकी बैठे हैं मेरे सीने में...,  जब मुंबई के सारेगामा फेम गायक आकाश दुबे ने यह भजन जनक मंच पर प्रस्तुत किया, तो मानो पूरा मिथिला महल राम-जानकी की भक्ति में सराबोर हो गया। स्वर लहरियां बहते ही भक्तजन आत्मविभोर होकर भाव-विह्वल हो उठे।

Sep 19, 2025 - 19:29
 0
श्री राम जानकी बैठे हैं मेरे सीने में,,,आगरा में भक्ति की सुरधारा में डूबा जनक मंच
जनकपुरी के जनक मंच पर भजनों की प्रस्तुति देते आकाश दुबे।

श्रीजनकपुरी महोत्सव में शुक्रवार शाम का आरंभ आकाश दुबे ने भक्तिरस से सराबोर भजनों की श्रृंखला से किया। नैना भीगे-भीगे जाएं, कैसे खुशी ये छुपाएं.., राम आएंगे... सुनकर हजारों श्रोता झूम उठे। भक्तों ने ताली और जयकारों से पूरा वातावरण गुंजायमान कर दिया।

इसके बाद मुंबई की सुप्रसिद्ध भजन गायिका रोहिणी गर्ग ने मंच संभाला। स्वर कोकिला लता मंगेशकर की टीम के साथ देशभर में भजन प्रस्तुत कर चुकीं रोहिणी ने छाप तिलक सब छीनी रे मोसे नैना मिलाय के.... और मेरी झोपड़ी के भाग आज खुल जाएंगे, राम आएंगे.... जैसे मधुर भजनों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। हर भजन पर जनसमूह आनंद की गहराइयों में डूबता चला गया।

संगीत की इस भव्य प्रस्तुति में दीपांशु त्रिवेदी, योगेश सोनी, हर्षित और अंशुल ने वाद्ययंत्रों पर अपनी अद्भुत संगत देकर भक्ति के सुरों में चार चाँद लगा दिए। कार्यक्रम का कुशल संचालन रीनेश मित्तल और श्रुति सिन्हा ने किया।

भक्ति रस से ओत-प्रोत यह संध्या जनकपुरी के पावन आंगन में लम्बे समय तक स्मरणीय रहेगी।

SP_Singh AURGURU Editor