शुभांशु शुक्ला ने पीएम मोदी से कहा-अंतरिक्ष से भारत बहुत भव्य दिखता है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतरिक्ष स्टेशन पर मौजूद ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला से बात की। शुभांशु शुक्ला ने पीएम मोदी के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के बिना यह मिशन संभव नहीं था।

Jun 28, 2025 - 19:32
 0
शुभांशु शुक्ला ने पीएम मोदी से कहा-अंतरिक्ष से भारत बहुत भव्य दिखता है

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अंतरिक्ष स्टेशन में मौजूद ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला से बातचीत की। प्रधानमंत्री मोदी ने शुभांशु से कहा कि आज आप भारतभूमि से दूर हैं लेकिन भारतवासियों के सबसे करीब हैं। आपके नाम में भी शुभ है। इस समय हम दोनों बात कर रहे हैं लेकिन मेरे साथ 140 करोड़ भारतवासियों की भावनाएं भी हैं, मेरी आवाज में सभी भारतीयों का उत्साह और उमंग शामिल है। अंतरिक्ष में भारत का परचम लहराने के लिए मैं आपको बधाई देता हूं, पीएम मोदी ने शुभांशु से पूछा कि वहां सब कुछ कुशल मंगल तो है, वहां सब ठीक है।

इससे पहले, शुभांशु शुक्ला ने पीएम मोदी के योगदान को भी सराहा और कहा कि पीएम मोदी के योगदान के बिना यह संभव नहीं था। अपने मां से बातचीत के दौरान शुभांशु शुक्ला ने कहा था कि पीएम मोदी के प्रयास से ही यह मिशन हो रहा है। सारी व्यवस्थाएं उन्हीं के द्वारा की गईं। मैं पीएम मोदी का दिल से आभार जताना चाहता हूं।

बहरहाल, शनिवार को अंतरिक्ष यात्री शुभांशु ने पीएम मोदी से बातचीत में बताया कि वहां सब ठीक है और उन्हें सभी का आशीर्वाद मिल रहा है। पीएम मोदी ने उनसे बातचीत की और अंतरिक्ष के अनुभव के बारे में पूछा। शुभांशु ने बताया कि अंतरिक्ष से देखने पर कोई बॉर्डर नहीं दिखता और भारत बहुत भव्य लगता है। शुभांशु ने कहा कि उन्हें बहुत अच्छा लग रहा है क्योंकि सब कुछ ठीक है। उन्होंने कहा कि उन्हें सभी का प्यार और आशीर्वाद मिल रहा है। शुभांशु ने यह भी कहा कि उन्हें गर्व है कि वह अपने देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।   
 
पीएम मोदी ने शुभांशु से बात करते हुए कहा कि हर भारतीय उन्हें देख रहा है। उन्होंने यह भी पूछा कि क्या उन्होंने अपने साथ ले जाया गया गाजर का हलवा अपने साथियों को खिलाया। पीएम मोदी ने शुभांशु से यह भी पूछा कि अंतरिक्ष की विशालता देखकर उन्हें पहला ख्याल क्या आया। शुभांशु ने जवाब दिया कि उन्हें पहला ख्याल यह आया कि बाहर से कोई बॉर्डर दिखाई नहीं देता। उन्होंने कहा कि हम भारत को मैप पर देखते हैं, लेकिन भारत सच में बहुत भव्य दिखता है। यह मैप पर दिखने से भी ज्यादा भव्य है। उन्होंने यह भी कहा कि बाहर से देखने पर ऐसा लगता है कि कोई राज्य या देश नहीं है, बल्कि हम सब एक हैं। अंतरिक्ष से देखने पर दुनिया एक परिवार की तरह लगती है।

भारत के शुभांशु शुक्ला और तीन अन्य अंतरिक्ष यात्रियों के धरती से 28 घंटे की यात्रा के बाद गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) में प्रवेश करने पर वहां मौजूद लोगों ने उन्हें गले लगाकर और हाथ मिलाकर गर्मजोशी से स्वागत किया।