पतंग स्वरूप में प्रकट हुए श्याम बाबा, जीवनी मंडी मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब
आगरा। षट्तिला एकादशी एवं मकर संक्रांति के पावन और पुण्यदायी अवसर पर जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में भक्ति, उल्लास और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस शुभ दिन श्याम बाबा ने पतंग स्वरूप में दिव्य दर्शन देकर अपने भक्तों को भावविभोर कर दिया। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी पतंगों से भव्य एवं आकर्षक ढंग से सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण उत्सवमय और भक्तिरस से सराबोर हो उठा।
श्याम बाबा को लाल गुलाबों के पुष्प-बंगले और स्वर्ण आभूषणों से भव्य श्रृंगार किया गया। पतंग उड़ाते अलौकिक स्वरूप में विराजमान श्याम बाबा के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो गए। प्रातःकाल से लेकर देर रात्रि तक भक्तों का निरंतर आवागमन बना रहा और मंदिर परिसर “जय श्री श्याम” के गगनभेदी जयकारों से गूंजता रहा।
श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने षट्तिला एकादशी एवं पतंग उत्सव के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व त्याग, सेवा, श्रद्धा और भक्ति का संदेश देता है। इस दिन श्याम बाबा की आराधना से विशेष पुण्य, सुख-शांति और आध्यात्मिक बल की प्राप्ति होती है।
संध्या आरती के उपरांत मंदिर परिसर में भजन एवं कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें श्याम भक्ति से ओतप्रोत भजनों ने श्रद्धालुओं को देर रात्रि तक भक्तिरस में डुबोए रखा।
इस भव्य आयोजन की व्यवस्थाओं में हेमेन्द्र अग्रवाल, संजय अग्रवाल, विपिन बंसल, विकास गोयल, अमित गोयल सहित अन्य सेवाभावी कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में एकादशी पर दर्शन के लिए उमड़े श्रद्धालु। दूसरे चित्र में पतंग स्वरूप में भक्तों को दिव्य दर्शन देते श्याम बाबा।