आगरा में हरियाली तीज पर श्याम भक्ति, झूले और लोकगीतों की बहार
आगरा। सावन की रिमझिम फुहारों के बीच ब्रज में हरियाली तीज का उल्लास चरम पर रहा। मंदिरों से लेकर मोहल्लों तक भक्ति, सौंदर्य और सांस्कृतिक रंगों का संगम देखने को मिला। लोकगीतों, मेहंदी, झूले और हरे वस्त्रों में सजी महिलाओं ने पूरे वातावरण को हरित उमंग से सराबोर कर दिया। ताज नगरी में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में श्याम भक्ति, धार्मिक श्रृंगार और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने हरियाली तीज को यादगार बना दिया।
श्री दाऊजी महाराज खाटू श्याम मंदिर में भक्ति और श्रृंगार की अनूठी छटा
कटरा जोगीदास, ताजगंज स्थित श्री दाऊजी महाराज खाटू श्याम मंदिर में हरियाली तीज के अवसर पर श्याम सखियों ने उल्लासपूर्वक भागीदारी निभाई। महिलाओं ने हरे परिधान पहन कर मेहंदी रचाई और ढोलक-मंजीरों की थाप पर लोकगीतों पर नृत्य किया। मंदिर को हरे फूलों और पत्तों से सजाया गया था, जिसमें श्याम बाबा का अलौकिक श्रृंगार आकर्षण का केंद्र रहा।
भजन – "मनवा घबराये मोरा बहे पूरवैया..." पर भक्त भावविभोर होकर झूम उठे। महंत पिंटू मिश्रा ने आरती पश्चात प्रसाद वितरण किया। इस अवसर पर राजू गोयल, मयंक अग्रवाल, अनूप अग्रवाल सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
प्रेमनिधि मंदिर में हरित हिंडोले पर विराजे ठाकुर श्याम बिहारी जी
नाई की मंडी स्थित प्राचीन पुष्टिमार्गीय श्री प्रेमनिधि जी मंदिर में ठकुरानी तीज का भव्य आयोजन हुआ। भगवान श्याम बिहारी को हरे वस्त्रों एवं पुष्पों से सजे हिंडोले में विराजमान किया गया। हरिमोहन गोस्वामी और सुनीत गोस्वामी ने बताया कि यह तीज श्री राधा-कृष्ण के प्रेम का प्रतीक है, जिसमें प्रकृति और भक्ति का सौंदर्य दिखाई देता है। श्रद्धालुओं ने ठाकुर जी को झूला झुलाया और भजनों में डूबे रहे।
ब्यूटी वुमैन ग्रुप ने महर्षिपुरम में मनाई सांस्कृतिक तीज
ब्यूटी वुमैन ग्रुप ने महर्षिपुरम में हरियाली तीज का आयोजन किया। सभी महिलाएं हरे परिधानों में थीं और सावन मल्हार गायन एवं नृत्य प्रतियोगिता ने समां बांध दिया। मिथलेश चौधरी को उत्कृष्ट नृत्य के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में संगीता कुलश्रेष्ठ, रेखा, ऊषा, ममता, नीरू, राजेश्वरी, रेखा जैन, स्वीटी कौर, दीक्षा, बेबी, शीतल, मंजू, भारती, अर्चना और अलका आदि कई महिलाओं ने भाग लिया और तीज के रंग में रंगी नजर आईं।
Bottom of Form