एमडी जैन में प्रेम मंदिर जैसा श्याम दरबार, चित्र–विचित्र महाराज और रेशमी के भजनों से बहेगी भक्ति की बयार
आगरा के एमडी जैन ग्राउंड में आगामी तीन दिवसीय श्री श्याम संकीर्तन महोत्सव भक्ति के विराट रंगों से सरोबार रहेगा। प्रेम मंदिर के स्वरूप में जनक महल में विराजने वाले खाटू श्याम बाबा के दिव्य दर्शन, वृंदावन के प्रसिद्ध भजन गायक चित्र–विचित्र महाराज की जोड़ी और पटना की रेशमी शर्मा के संगीतमय भजनों से श्रद्धालुओं का माहौल आध्यात्मिक उल्लास से भर उठेगा।
आगरा। श्री श्याम लाडला परिवार सेवा समिति द्वारा आयोजित तीन दिवसीय श्री श्याम संकीर्तन महोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। बी.बी ग्राण्ड होटल, कमला नगर में आमंत्रण-पत्रिका के विमोचन कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष नीरज गुप्ता ने महोत्सव के भव्य स्वरूप की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इस बार महोत्सव में जनक महल को प्रेम मंदिर की भव्यता का रूप दिया जा रहा है, जहां खाटू श्याम बाबा रमणीय श्रृंगार में विराजेंगे। संगमरमर थीम पर आधारित यह दरबार 100 फुट चौड़ा और 40 फुट ऊँचा होगा, जिसे कोलकाता से आए 25 कारीगर सोनू गोयल के निर्देशन में तैयार कर रहे हैं।
महोत्सव का आयोजन 13 से 15 दिसंबर तक एमडी जैन मैदान में किया जाएगा। मैदान में अखंड ज्योति, छप्पन भोग, पुष्पवर्षा, इत्रवर्षा और अलौकिक मेवा श्रृंगार से श्याम बाबा का भव्य दरबार सजाया जाएगा।
महोत्सव कार्यक्रमों का विस्तृत शेड्यूल
13 दिसंबर को सुबह गौ–दान व अनाथालय सेवा, शाम को पोशाक अर्पण रथयात्रा, 14 दिसंबर क सुबह लाड़ली बहना विवाह समारोह (आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की 7 कन्याओं का विवाह, शाम को श्याम नाम मेहंदी उत्सव, 15 दिसंबर को रात्रि में मुख्य श्याम संकीर्तन, जिसमें चित्र–विचित्र महाराज और रेशमी शर्मा भक्ति संगीतमय प्रस्तुति देंगे।
अन्य भजन गायक भी देंगे प्रस्तुति
महामंत्री राजीव अग्रवाल ने बताया कि संकीर्तन में भरतपुर के नरेश खत्री, मथुरा के यश सिंघल और शुभम गोयल भी बाबा को अपने भजनों से रिझाएंगे।
रथयात्रा में श्याम पालकी निकाली जाएगी और महिलाएं संकीर्तन से पहले मेहंदी उत्सव में श्याम नाम की मेहंदी लगवाएंगी।
कार्यक्रम में दीपांशु अग्रवाल, प्रांशु अग्रवाल, अमित गोयल, अनुराग गुप्ता, विनय अग्रवाल, कपिल वर्मा सहित अनेक श्रद्धालु व समिति सदस्य उपस्थित रहे।