मुफ्त इलाज से राहत की सांस: शिविर में सैकड़ों मरीजों को मिला उपचार, आयुष्मान कार्ड भी बनाये गये

आगरा। शहर में आयोजित एक बड़े स्वास्थ्य शिविर ने सैकड़ों लोगों को राहत पहुंचाई, जहां न सिर्फ गंभीर बीमारियों के मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श मिला बल्कि दर्जनों वरिष्ठ नागरिकों को आयुष्मान योजना से जोड़कर स्वास्थ्य सुरक्षा का कवच भी दिया गया।

Apr 16, 2026 - 19:57
 0
मुफ्त इलाज से राहत की सांस: शिविर में सैकड़ों मरीजों को मिला उपचार, आयुष्मान कार्ड भी बनाये गये
पंडित दीनदयाल उपाध्याय फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा खंदारी स्थित मंगल कामना हॉस्पिटल में आयोजित निशुल्क स्वास्थ्य शिविर में मरीजों को परामर्श देते डॉ. विनायक वाजपेई। साथ में संस्थापक सचिव विवेक पाठक, समाजसेवी प्रतिभा जिंदल एवं अन्य।

आगरा। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत स्वस्थ भारत, समृद्ध भारत के संकल्प को साकार करते हुए पंडित दीनदयाल उपाध्याय फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा गुरुवार को केंद्रीय हिंदी संस्थान रोड, खंदारी स्थित मंगल कामना हॊस्पिटल में निःशुल्क स्वास्थ्य एवं आयुष्मान कार्ड शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर का शुभारंभ अस्पताल के डायरेक्टर एवं वरिष्ठ यूरोलॉजिस्ट डॉ. शेखर वाजपेई और ट्रस्ट के संस्थापक सचिव विवेक पाठक ने भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय की तस्वीर एवं हनुमान जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया।

शिविर में यूरोलॉजिस्ट डॉ. विनायक वाजपेई ने किडनी (पथरी), मूत्राशय, प्रोस्टेट, पेशाब की नली और जननांग से जुड़ी समस्याओं से पीड़ित 100 से अधिक मरीजों को निःशुल्क परामर्श दिया। मरीजों को सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे जांचों पर छूट छूट प्रदान की गई, साथ ही दवाइयां भी रियायती दरों पर उपलब्ध कराई गईं।

जागरूकता बढ़ाते हुए डॉ. विनायक वाजपेई ने स्पष्ट कहा कि पेशाब में खून आना, दर्द होना, बार-बार पेशाब लगना या पेशाब रोकने में कठिनाई जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करें और तुरंत विशेषज्ञ से परामर्श लें, अन्यथा यह गंभीर बीमारी का संकेत हो सकता है।

शिविर में 50 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों के निशुल्क आयुष्मान कार्ड बनाए गए, जिससे उन्हें भविष्य में मुफ्त इलाज की सुविधा मिल सकेगी।

ट्रस्ट के संस्थापक सचिव विवेक पाठक ने कहा कि आम जनता को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और उन्हें सीधा लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से इस तरह के शिविर लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे। साथ ही वरिष्ठ नागरिकों को आयुष्मान योजना से जोड़ने का अभियान भी जारी रहेगा।

इस अवसर पर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष मुकेश नेचुरल, डॉ. निशा शर्मा, डॉ. शिवानी गुप्ता (स्पेक्ट्रम), अभिषेक पाठक, वैचारिक जागरण मिशन ट्रस्ट की अध्यक्ष प्रतिभा जिंदल, डॉ. सतीश खिरवार, अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के शहर अध्यक्ष राजेश चतुर्वेदी, सोहम चतुर्वेदी, आशुतोष श्रोत्रिय एडवोकेट एवं प्रमोद अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor