फतेहपुर सीकरी पुलिस ने बाइक चोरी गैंग के दो सदस्यों को पकड़ झाड़ियों से बरामद कीं छह मोटरसाइकिलें
आगरा। फतेहपुर सीकरी पुलिस ने वाहन चोरी की वारदातों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर बाइक चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छह चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। यह कार्रवाई साइबर सेल, सर्विलांस टीम और काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट की संयुक्त ऑपरेशन के तहत की गई।
थाना फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से लगातार बाइक चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। इन्हीं घटनाओं के सिलसिले में 25 अक्टूबर को क्षेत्र निवासी अनुज कुमार ने अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
27 अक्टूबर को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रेलवे क्रॉसिंग से करीब 300 मीटर आगे रोड पर दो संदिग्धों को घेरकर पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने बाइक चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दोनों मिलकर इलाके में बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे और चोरी की गाड़ियों को कम दामों पर बेच देते हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि उन्होंने हाल ही में फतेहपुर सीकरी से कई बाइकें चुराकर आम रोड के पास झाड़ियों में छिपा रखी हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पांच बाइक बरामद कीं, जबकि छठी बाइक अलग स्थान से मिली।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने एक लाल रंग की बाइक लगभग दो साल पहले थाना भरतपुर (राजस्थान) क्षेत्र से और एक काली बाइक करीब पांच महीने पहले थाना नंदगांव (मथुरा) क्षेत्र से चोरी की थी। पुलिस ने इन दोनों मामलों की जानकारी संबंधित थानों को भेज दी है।
गिरफ्तार आरोपी हैं- कृष्णा पुत्र खैराती, निवासी ग्राम सामरा, थाना फतेहपुर सीकरी, आगरा और सुमित उर्फ बाबू पुत्र दीवान सिंह, निवासी ग्राम सिकरोदा, थाना फतेहपुर सीकरी, आगरा। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है, जिससे बाइक चोरी के अन्य नेटवर्क और खरीदारों की जानकारी जुटाई जा रही है।