सीकरी पुलिस की तत्परता ने लौटाया फ्रांसीसी परिवार का विश्वास, कैमरे के साथ लौटीं 15 दिन की यादें
फतेहपुर सीकरी (आगरा)। फतेहपुर सीकरी पुलिस ने सतर्कता और तत्परता का परिचय देते हुए फ्रांस से भारत घूमने आए एक पर्यटक परिवार की बेशकीमती यादें उन्हें वापस लौटा दीं। जयपुर से फतेहपुर सीकरी आए इस फ्रांसीसी परिवार का कैमरा टैक्सी में छूट गया था, जिसमें उनके पिछले 15 दिन की यात्राओं की यादगार तस्वीरें कैद थीं।
कैमरा छूटा, चिंता बढ़ी
विदेशी परिवार ने बताया कि वे पहली बार भारत आए हैं और पिछले 15 दिनों से जयपुर, दिल्ली और आसपास के पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर रहे थे। जयपुर से फतेहपुर सीकरी तक उन्हें छोड़ने आई टैक्सी में उनका कीमती कैमरा छूट गया। कैमरे में उन्होंने पूरे परिवार के साथ की गई यात्राओं की यादगार झलकियां संजोई थीं।
पुलिस ने दिखाई तत्परता, टैक्सी चालक को ढूंढ निकाला
पर्यटक परिवार ने जैसे ही कैमरे के गुम होने की सूचना थाना फतेहपुर सीकरी को दी, थाना प्रभारी और उनकी टीम ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। सीमावर्ती जिलों और टैक्सी एजेंसियों से संपर्क किया गया। सीसीटीवी फुटेज और बुकिंग रसीदों के आधार पर कुछ ही घंटों में टैक्सी और उसके चालक की पहचान कर ली गई।
कैमरा वापस पाकर छलकी खुशी
पुलिस की सक्रियता के चलते कुछ ही समय में कैमरा विदेशी पर्यटकों को सौंप दिया गया। कैमरा पाकर फ्रांसीसी पर्यटक भावुक हो गए और उन्होंने फतेहपुर सीकरी पुलिस की ईमानदारी और संवेदनशीलता की खुलकर सराहना की। परिवार ने कहा कि भारत में हमारा यह पहला अनुभव है और इस भरोसेमंद मदद के लिए हम तहेदिल से आभार प्रकट करते हैं।