फतेहपुर सीकरी के दूरा गांव में एक साथ 14 गोवंश की मौत से सनसनी, खेतों में चरने के दौरान बिगड़ी गायों और बछड़ों की हालत और देखते ही देखते मौत के मुंह में समाते चले गये, बिसरा जांच के लिए भेजा गया

-महावीर सिंह वर्मा- आगरा। फतेहपुर सीकरी ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम दूरा में रविवार को एक साथ 14 गोवंश की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। इस हृदयविदारक घटना ने जहां ग्रामीणों को झकझोर कर रख दिया। मृत गोवंश में बछड़े और गर्भवती गायें शामिल हैं, जो तड़प-तड़प कर काल के गाल में समा गईं।

Mar 22, 2026 - 18:34
 0
फतेहपुर सीकरी के दूरा गांव में एक साथ 14 गोवंश की मौत से सनसनी, खेतों में चरने के दौरान बिगड़ी गायों और बछड़ों की हालत और देखते ही देखते मौत के मुंह में समाते चले गये, बिसरा जांच के लिए भेजा गया
दूरा गांव में एक बीमार गाय का उपचार करते पशु चिकित्सक।

जानकारी के अनुसार ग्राम दूरा निवासी महावीर बाबा पिछले 25-30 वर्षों से निजी गौशाला संचालित कर रहे हैं और आवारा गोवंश की सेवा में दिन-रात जुटे रहते हैं। रविवार सुबह करीब 8 बजे वे रोज की तरह गोवंश को चराने के लिए सुनहरा रोड स्थित खाली खेतों और जंगल क्षेत्र में ले गए थे। दोपहर बाद अचानक कई गायों और बछड़ों की हालत बिगड़ने लगी, जिसके बाद तत्काल पशु चिकित्सकों को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही डॉक्टर संजय तोमर और डॉक्टर के.पी. सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और उपचार शुरू किया, लेकिन तब तक 6 बछड़े, 4 गर्भवती गायों समेत कुल 14 गोवंश दम तोड़ चुके थे। घटना की सूचना मिलते ही गांव में भारी भीड़ जमा हो गई और गोवंश को तड़पते देख ग्रामीणों का दिल दहल उठा।

करीब 3 बजे सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक आनंद वीर पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मृत गोवंश को जेसीबी के माध्यम से दफन कराया गया। पशु चिकित्सकों की टीम ने मृत गोवंश के खून और बिसरा के नमूने लेकर जांच के लिए मथुरा के वेटेरनरी विवि की लैब भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।

पूर्व प्रधान मुकेश कहरवार और प्रवक्ता विजेंद्र सिंह ने बताया कि महावीर बाबा वर्षों से अपनी मेहनत के बल पर आवारा गोवंश को आश्रय देते आ रहे हैं और इस तरह की घटना ने उन्हें गहरे सदमे में डाल दिया है।

घटना के बाद भी तहसील प्रशासन की ओर से कोई सक्षम अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश देखने को मिला। हालांकि उपजिलाधिकारी दिव्या सिंह ने बताया कि प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है, पोस्टमार्टम कराया गया है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने हर संभव सहायता देने का आश्वासन भी दिया।

वहीं, क्षेत्रीय विधायक चौधरी बाबूलाल ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए अपर निदेशक पशु चिकित्सा आगरा को पत्र लिखकर गौशाला के बेहतर संचालन और चिकित्सा सुविधाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।

SP_Singh AURGURU Editor