संभल हिंसा में सपा सांसद बर्क पर कस रहा एसआईटी का शिकंजा, पूछताछ हुई

संभल। संभल शहर में कुछ माह पहले हुई हिंसा के मामले की जांच कर रही एसआईटी का शिकंजा यहां के समाजवादी पार्टी सांसद जियाउर्रहमान बर्क पर कसता जा रहा है। हिंसा के मामले में एसआईटी ने मंगलवार को सांसद बर्क को संभल कोतवाली में बुलाकर पूछताछ की।

Apr 8, 2025 - 21:24
 0
संभल हिंसा में सपा सांसद बर्क पर कस रहा एसआईटी का शिकंजा, पूछताछ हुई

ज्ञातव्य है कि संभल स्थित शाही जामा मस्जिद के कोर्ट के आदेश पर हो रहे सर्वे के दौरान हिंसा हुई थी। इसमें पांच लोगों की मौत हुई थी। मुस्लिम पक्ष ने आरोप लगाया था कि पुलिस की गोली से लोगों की मौत हुई है, लेकिन बाद में जांच के दौरान पता चला कि आपसी संघर्ष में लोग मरे। 
राज्य सरकार ने इस घटना की जांच के लिए एसआईटी गठित की हुई है। इस हिंसा में मस्जिद के सदर जावेद अली की भूमिका के साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। अब पुलिस सूत्र दावा कर रहे हैं कि जावेद अली ने पूछताछ में जांच टीम को बताया है कि उसने सांसद बर्क के कहने पर सर्वे के दौरान भीड़ इकट्ठी की थी। जावेद अली ने जांच टीम को यह भी जानकारी दी है कि सांसद बर्क ने कहा था कि किसी भी हालत में सर्वे नहीं होना चाहिए। 
जांच टीम ने अपनी जांच का दायरा बढ़ाते हुए सांसद बर्क को इसमें शामिल कर लिया है। मंगलवार को जांच टीम ने नोटिस जारी कर सांसद बर्क को संभल कोतवाली में बुलाया और घंटों पूछताछ की। 
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस अधिकारियों ने सांसद से हिंसा की घटनाओं से जुड़ी परिस्थितियों, घटना वाले दिन उनकी मौजूदगी, घटना के बारे में जानकारी मिलने समेत तमाम सवाल किए। पूछताछ के दौरान सांसद बर्क ने किसी भी प्रकार की हिंसा में शामिल होने या किसी को उकसाने से साफ इनकार किया और कहा कि वह शांति बनाए रखने की अपील कर रहे थे।
सांसद बर्क ने मीडिया से बातचीत में कहा, “मैं हमेशा से अमन-चैन का पक्षधर रहा हूं। हिंसा किसी समस्या का हल नहीं है। मैंने अपने क्षेत्रवासियों से भी संयम और शांति बनाए रखने की अपील की है।”
इस मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि वह सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच कर रही है। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, चाहे वह किसी भी पद या पार्टी से जुड़ा हो।