कनाडा में बैठकर चला रहा था धर्मांतरण नेटवर्क, आगरा पुलिस ने सैयद दाऊद अहमद को किया फरार घोषित
आगरा। आगरा में सामने आए चर्चित धर्मांतरण मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कनाडा निवासी सैयद दाऊद अहमद को फरार घोषित कर दिया है। आरोपी पर संगठित धर्मांतरण गैंग से जुड़े होने और गैंग को आर्थिक मदद पहुंचाने के गंभीर आरोप हैं। पुलिस के मुताबिक सैयद दाऊद अहमद लंबे समय से विदेश में रहकर इस नेटवर्क को फंडिंग करता रहा है।

इस मामले में आगरा की अदालत पहले ही आरोपी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी कर चुकी है। इसके बावजूद उसके न्यायालय में पेश न होने और लगातार फरार रहने के चलते अब पुलिस ने कुर्की की कार्रवाई के लिए कोर्ट में प्रार्थना पत्र दाखिल किया है। पुलिस का कहना है कि फरारी के दौरान आरोपी अपनी संपत्ति को खुर्द-बुर्द कर सकता है, इसलिए समय रहते उसकी चल-अचल संपत्तियों को कुर्क किया जाना जरूरी है।
धर्मांतरण गैंग का खुलासा सदर क्षेत्र से दो सगी बहनों के रहस्यमय तरीके से गायब होने के बाद हुआ था। जांच के दौरान सामने आया कि इस गैंग के तार न सिर्फ उत्तर प्रदेश बल्कि देश के अन्य हिस्सों और विदेशों तक जुड़े हुए हैं। पुलिस का दावा है कि गैंग सुनियोजित तरीके से युवतियों को निशाना बनाकर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाता था और इसके पीछे विदेशों से मिलने वाली फंडिंग अहम भूमिका निभा रही थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए शासन स्तर पर भी सख्त रुख अपनाया गया है। मुख्यमंत्री ने इस धर्मांतरण गैंग के अन्य कारनामों और नेटवर्क से जुड़े सभी लोगों को बेनकाब करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद से आगरा पुलिस और जांच एजेंसियां लगातार साक्ष्य जुटाने और अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं। आने वाले दिनों में इस केस में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।