यूपी में छह आईएएस अफसरों का तबादला, फिरोजाबाद से कृति राज को उन्नाव का सीडीओ बनाया
यूपी में फिर आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया गया है। 5 आईएएस अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। जबकि एक आईएएस अधिकारी को अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया हैं। इस तरह कुल 6 आईएएस अधिकारियों का तबादला किया गया है।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आईएएस से लेकर आईपीएस तक के अधिकारियों का तबादला हो रहा है। योगी सरकार में आये दिन किसी ना किसी आईएएस और आईपीएस से जुड़ी लिस्ट जारी हो जाती है। सरकार ईमानदार और कर्मठ अधिकारियों को बड़ी-बड़ी जिम्मेदारी सौंप रही है। इसी क्रम में यूपी में एक बार फिर छह आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया गया है। रविवार शाम को करीब 6 आईएएस अधिकारियों को इधर से उधर कर दिया गया है। तबादलों के क्रम में आईएएस ए. दिनेश कुमार को गृह विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है।
आईएएस अविनाश कृष्ण सिंह को वर्तमान पद के साथ प्राविधिक शिक्षा विभाग के सचिव की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। अविनाश कृष्ण सिंह मौजूदा समय में प्राविधिक शिक्षा के महानिदेशक पद पर तैनात है। इसी तरह प्राविधिक शिक्षा विभाग के विशेष सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे ए. दिनेश कुमार को गृह विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है।
सीनियर आईएएस बृजराज सिंह यादव को अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त राजस्व परिषद लखनऊ बनाया गया है। बृजराज सिंह यादव इस समय विशेष सचिव कृषि उत्पादन आयुक्त शाखा की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
प्रेम प्रकाश को अलीगढ़ जिले का नगर आयुक्त बनाया गया है। प्रेम प्रकाश मीणा मौजूदा समय में उन्नाव जिले में मुख्य विकास अधिकारी के पद पर तैनात थे। उनकी जगह महिला आईएएस अधिकारी कृति राज को उन्नाव का मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है। कृति राज मौजूदा समय में फिरोजाबाद जिले में संयुक्त मजिस्ट्रेट पद की जिम्मेदारी संभाल रही थी।