मथुरा में दो भीषण सड़क हादसों में छह मरेः फरह में आगरा के सांधन निवासी युवक की बाइक को कंटेनर ने मारी टक्कर, ताई, बहन और दो साल की बेटी की मौत, बरेली हाईवे पर ब्रेज़ा कार ट्रैक्टर में घुसी, शाहजहांपुर के तीन दोस्तों की मौत, एक गंभीर, दर्शन के लिए वृंदावन आ रहे थे
मथुरा जनपद में सोमवार को सड़क हादसों की दो दिल दहला देने वाली घटनाएं सामने आईं। एक ओर सर्विस रोड पर कंटेनर की तेज टक्कर ने दादी, बहन और मासूम बच्ची की जान ले ली, वहीं दूसरी ओर बरेली–जयपुर हाईवे पर मिट्टी से लदे ट्रैक्टर में ब्रेज़ा कार घुस जाने से वृंदावन जा रहे शाहजहांपुर के तीन श्रद्धालुओं की उपचार के दौरान मौत हो गई। दोनों हादसों में वाहन की तेज रफ्तार और लापरवाही बड़ी वजह बनकर सामने आई।
फरह में कंटेनर ने सर्विस रोड पर बाइक में मारी टक्कर, आगरा के सांधन गांव के एक ही परिवार के तीन की मौत
फरह थाना क्षेत्र में सोमवार शाम सर्विस रोड पर जादौन हॉस्पिटल के पास बड़ा हादसा हो गया। पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे कंटेनर चालक ने मोटरसाइकिल में कट मारा, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर गिर पड़ी। बाइक चला रहा सीबू, निवासी गांव सांधन, थाना अछनेरा (आगरा), सड़क किनारे जा गिरा, जबकि पीछे बैठीं उसकी ताई गुड्डी (55 वर्ष), बहन रुखसार (35 वर्ष) और दो वर्षीय बेटी माही कंटेनर के पहियों के नीचे आ गईं।
तीनों के सिर कंटेनर के पहियों तले आ जाने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतनी तेजी से हुआ कि किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला। आसपास मौजूद लोग दौड़े लेकिन तब तक तीनों की सांसें थम चुकी थीं।
सूचना पर पुलिस पहुंची और ट्रक चालक को मौके से ही हिरासत में ले लिया। थाना अध्यक्ष त्रिलोकी सिंह ने बताया कि कंटेनर चालक की लापरवाही से यह हादसा हुआ। घायल सीबू को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं।
बरेली-जयपुर हाईवे पर श्रद्धालुओं की कार ट्रैक्टर से भिड़ी, तीन दोस्तों की मौत, एक गंभीर
थाना राया क्षेत्र में बीती देर रात लगभग एक बजे बरेली–जयपुर हाईवे पर तेज रफ्तार ब्रेज़ा कार मिट्टी से भरे ट्रैक्टर–ट्रॉली में जा घुसी। कार में सवार शाहजहांपुर के चार दोस्त वृंदावन दर्शन के लिए आ रहे थे।
हादसे में चारों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही चौकी बिचपुरी प्रभारी वीरेंद्र कुमार अपने दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। हालत गंभीर होने पर चारों को एस.एन. मेडिकल कॉलेज, आगरा रैफर कर दिया गया।
आगरा के एसएन मेडिकल कॊलेज में उपचार के दौरान तीन की मृत्यु हो गई। मृतकों में सौरभ वर्मा (33), निवासी शास्त्रीनगर, जलालाबाद, निकुंज गुप्ता (27), मोहल्ला गोपालनगर, शाहजहांपुर और राजन गुप्ता (31), मोहल्ला नोहशारा, जलालाबाद शामिल हैं, जबकि राजा भारद्वाज, पुत्र अशोक भारद्वाज की स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार काफी तेज थी और सामने से ट्रैक्टर दिखाई नहीं दिया, जिसके कारण यह भीषण टक्कर हुई।