सोलह दिवसीय आयोजन: शांतिनाथ महामंडल विधान 25 जुलाई से गुदड़ी मंसूर खां जैन मंदिर में

आगरा। आचार्य श्री सौरभ सागर महाराज की प्रेरणा से गुदड़ी मंसूर खां स्थित श्री 1008 शीतलनाथ दिगंबर जैन मंदिर में 25 जुलाई से 9 अगस्त तक सोलह दिवसीय शांतिनाथ महामंडल विधान एवं विश्व शांति महायज्ञ का भव्य आयोजन किया जाएगा। सोमवार को मंदिर में आयोजित पत्रकार वार्ता में पुजारीगणों द्वारा विधान की पत्रिका का विधिवत विमोचन किया गया।

Jul 21, 2025 - 19:28
 0
सोलह दिवसीय आयोजन: शांतिनाथ महामंडल विधान 25 जुलाई से गुदड़ी मंसूर खां जैन मंदिर में
गुदड़ी मंसूर खां जैन मंदिर में शांतिनाथ महामंडल विधान की पत्रिका विमोचन करते आयोजकगण।

मंदिर व्यवस्थापक सुभाष जैन ने बताया कि विधान का शुभारंभ 25 जुलाई को प्रातः 6:00 बजे देवआज्ञा के साथ होगा। 7:00 बजे घटयात्रा, ध्वजारोहण, जापशाला प्रतिष्ठा, इन्द्र-मंडप प्रतिष्ठा और शांतिधारा की मांगलिक क्रियाएं संपन्न कराई जाएंगी। घटयात्रा मंदिर से निकलकर विभिन्न मार्गों से होकर पुनः मंदिर पहुंचेगी, जहां वीरेन्द्र कुमार जैन नायक एवं विपिन कुमार जैन परिवार द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा।

पंडित रविंद्र जैन शास्त्री एवं सौरभ जैन शास्त्री द्वारा सभी विधान क्रियाएं संगीतमय वातावरण में संपन्न कराई जाएंगी। मीडिया प्रभारी शुभम जैन ने बताया कि यह परंपरागत आयोजन सावन मास में जैन समाज के श्रद्धालुओं के लिए आत्मशुद्धि और साधना का श्रेष्ठ अवसर होता है। विधान का समापन 9 अगस्त को विश्व शांति महायज्ञ एवं सम्मान समारोह के साथ होगा।

पत्रकार वार्ता में राकेश जैन पार्षद, मंदिर व्यवस्थापक सुभाष जैन, मंदिर के वरिष्ठ पुजारीगण सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor