गुदड़ी मंसूर खां जैन मंदिर में घटयात्रा संग शुरू हुआ सोलह दिवसीय शांतिनाथ महामंडल विधान
आगरा। सावन मास के पावन अवसर पर गुदड़ी मंसूर खां जैन मंदिर में आचार्यश्री सौरभसागर महाराज के आशीर्वाद से श्री शांतिनाथ महामंडल विधान एवं विश्व शांति महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। यह आयोजन 25 जुलाई से 9 अगस्त तक सोलह दिवसीय रूप में आयोजित किया जाएगा।
शुक्रवार को घटयात्रा और ध्वजारोहण के साथ विधान का शुभारंभ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में सौभाग्यशाली महिलाएं केसरिया परिधान में मंगल कलश लेकर शामिल हुईं। घटयात्रा मंदिर परिसर से निकलकर विभिन्न मार्गों से होती हुई वापस मंदिर पहुंची।
ध्वजारोहण वीरेंद्र कुमार जैन, विपिन जैन और ब्रजेश विजय कुमार जैन परिवार ने किया। भगवान महावीर स्वामी के चित्र का अनावरण प्रदीप जैन, अमन जैन, रविन्द्र जैन और पंकज जैन द्वारा किया गया। दीप प्रज्वलन महेंद्र जैन, जितेन्द्र जैन और प्रवेश जैन ने किया।
पंडित सौरभ जैन शास्त्री एवं पंडित रविन्द्र जैन शास्त्री के निर्देशन में मंडप पूजन, जाप शाला और मांगलिक विधियां संपन्न कराई गईं।
विधान की विशेषता बताते हुए कहा गया कि यह आयोजन मन की शांति, दरिद्रता नाश, आर्थिक उन्नति और सभी सांसारिक मनोरथों की पूर्ति का मार्ग प्रशस्त करता है, विशेषकर जब इसे शुक्ल पक्ष में पूर्ण श्रद्धा से किया जाए।
इस अवसर पर सुभाष जैन, नरेश जैन, पार्षद राकेश जैन, ऋषि जैन, सुनील जैन, धर्मेंद्र जैन, संजय जैन, अशोक जैन, शुभम जैन सहित मंदिर पुजारीगण और सकल जैन समाज के अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।