एनएसएस शिविर के छठवें दिन प्रभात फेरी, श्रमदान और जागरूकता सत्रों से गूंजा आगरा कॉलेज परिसर
आगरा। आगरा कॉलेज, आगरा में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर का छठवां दिन सामाजिक चेतना, अनुशासन और ऊर्जावान सहभागिता के साथ प्रारंभ हुआ। प्रभात फेरी से लेकर श्रमदान, शैक्षणिक सत्रों, सांस्कृतिक गतिविधियों और कैंप फायर तक पूरा दिन स्वयंसेवकों के लिए सीख, सेवा और संस्कार का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया।
प्रातः 6:00 बजे शिविर स्थल से प्रभात फेरी निकाली गई, जो नाला बस्ती और गोकुलपुरा क्षेत्र से गुजरते हुए पुनः शिविर स्थल पर समाप्त हुई। स्वयंसेवकों ने नारों के माध्यम से स्वच्छता, सामाजिक जिम्मेदारी और जन-जागरूकता का संदेश दिया, जिससे स्थानीय नागरिकों में भी सकारात्मक वातावरण देखने को मिला।
प्रभात फेरी के पश्चात शिविर स्थल पर सामूहिक श्रमदान किया गया। परिसर की स्वच्छता, व्यवस्था और अनुशासन को लेकर स्वयंसेवकों ने पूरे मनोयोग से कार्य किया। इसके बाद अल्पाहार उपरांत प्रथम शैक्षणिक सत्र का आयोजन हुआ।
साक्ष्य और सुरक्षा पर विशेष सत्र
प्रथम शैक्षणिक सत्र में मुख्य वक्ता के रूप में सब-इंस्पेक्टर वैशाली चौधरी उपस्थित रहीं। उन्होंने साक्ष्य एवं सुरक्षा विषय पर स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए आत्मरक्षा, सतर्कता, आपात स्थिति में सही निर्णय तथा अपराध की स्थिति में साक्ष्य संरक्षण के व्यावहारिक और उपयोगी टिप्स दिए।
नृत्य प्रतियोगिता में दिखी प्रतिभा की चमक
दोपहर के भोजन के पश्चात नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें स्वयंसेवकों ने अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. निधि शर्मा, डॉ. दिव्या अग्रवाल, डॉ. माधुरी यादव एवं डॉ. ललिता सिंह उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन डॉ. रविशंकर सिंह एवं शिवम सारस्वत द्वारा किया गया।
मानसिक स्वास्थ्य और व्यक्तित्व विकास पर प्रेरक संवाद
द्वितीय शैक्षणिक सत्र में आगरा कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम, पूर्व प्रोफेसर अरुणोदय वाजपेई तथा मानसिक स्वास्थ्य संस्थान के निदेशक प्रो. डॉ. दिनेश सिंह राठौर ने सहभागिता की।
प्रो. डॉ. दिनेश राठौर ने मानसिक स्वास्थ्य, आत्म-संयम, तनाव प्रबंधन और सकारात्मक व्यक्तित्व विकास पर प्रेरक विचार रखे। उन्होंने कहा कि सामाजिक सेवा के साथ मानसिक संतुलन और आत्मअनुशासन युवाओं के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।
सांस्कृतिक संध्या और कैंप फायर ने बढ़ाया उत्साह
समापन सत्र में धन्यवाद ज्ञापन डॉ. सत्यदेव शर्मा द्वारा किया गया। सायंकालीन मनोरंजन सत्र में राम–रावण खेल का आयोजन हुआ, जिसे स्वयंसेवकों ने पूरे उत्साह के साथ प्रस्तुत किया। सांस्कृतिक संध्या का संचालन इकाई–6 द्वारा किया गया। रात्रि भोज और कैंप फायर के साथ शिविर के छठवें दिन का सफल और यादगार समापन हुआ।
शिविर के सुचारु संचालन में कार्यक्रम अधिकारियों डॉ. आनंद प्रताप सिंह, डॉ. अविनाश जैन, डॉ. सुरेन्द्र पाल सिंह, डॉ. भूपेंद्र सिंह, डॉ. जॉली सिंह, डॉ. अमित यादव, डॉ. आशीष सिंह, डॉ. कल्पना चतुर्वेदी, डॉ. फिरोज अंसारी, डॉ. अजीत चाहर, डॉ. हरेंद्र शर्मा, डॉ. केशव सिंह, डॉ. चेतन गौतम एवं डॉ. दिव्या अग्रवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Top of Form