नींद ने कराया हादसाः आगरा में पीछे से ट्रक में घुसी स्कॉर्पियो, तीन लोग घायल, हाईवे जाम

आगरा के एत्मादपुर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसा चालक को झपकी लगने के कारण हुआ, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। शादी समारोह से लौट रहे एक परिवार के साथ यह हादसा हुआ।

Nov 2, 2025 - 14:14
 0
नींद ने कराया हादसाः आगरा में पीछे से ट्रक में घुसी स्कॉर्पियो, तीन लोग घायल, हाईवे जाम
एत्मादपुर क्षेत्र के छलेसर में हाईवे पर ट्रक में पीछे से टकराने के बाद क्षतिग्रस्त हुई स्कॊर्पियो।

आगरा। एत्मादपुर थाना क्षेत्र में छलेसर चौकी के पास आज सुबह एक सड़क हादसा हो गया। शादी समारोह से लौट रही एक स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा टकराई। टक्कर से स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें बैठे तीन लोग घायल हो गए।

घायलों की पहचान जितेंद्र पुत्र भगवान स्वरूप निवासी टूंडला, मनोज शर्मा निवासी बिहार और सुषमा सारस्वत पत्नी अनुराग सारस्वत निवासी हरीपर्वत आगरा के रूप में हुई है। तीनों किसी शादी समारोह में शामिल होने टूंडला गए थे और लौटते समय चालक को अचानक झपकी लग गई। इसी दौरान स्कॉर्पियो हाईवे पर चल रहे ट्रक से जा टकराई।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी कपिल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल एम्बुलेंस से नजदीकी अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों के अनुसार तीनों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

टक्कर के बाद हाईवे पर करीब आधे घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने क्रेन बुलवाकर क्षतिग्रस्त वाहनों को किनारे हटवाया और यातायात सुचारु कराया। हादसे की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।

SP_Singh AURGURU Editor