बरेली में 1.5 करोड़ की स्मैक-चरस बरामद, नेपाल से लाई जाती थी खेप, तीन तस्कर गिरफ्तार

बरेली। थाना बारादरी पुलिस को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। रविवार देर रात पुलिस ने 1.439 किलोग्राम स्मैक और 552 ग्राम चरस/सुल्फा (अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1.5 करोड़ रुपये) बरामद कर तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया। ये नशीले पदार्थ नेपाल से बरेली लाए जा रहे थे और यहां से दिल्ली, रामपुर और उत्तराखंड में सप्लाई किए जाते थे।

Jun 22, 2025 - 20:22
Jun 22, 2025 - 20:37
 0
बरेली में 1.5 करोड़ की स्मैक-चरस बरामद, नेपाल से लाई जाती थी खेप, तीन तस्कर गिरफ्तार
गिरफ्तार नशा तस्करों के बारे में बतातीं बरेली की एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा।  

-दिल्ली, रामपुर और उत्तराखंड तक फैला था नशे का नेटवर्क, अफजाल और उसका बेटा बिलाल फरार

बरेली की एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी हैं फारुख (40 वर्ष), निवासी ग्राम भिण्डोलिया, थाना बिथरी चैनपुर, शकील (25 वर्ष), निवासी ग्राम भिण्डोलिया, थाना बिथरी चैनपुर और मसूद हुसैन (50 वर्ष), निवासी स्लिपर रोड, लेबर कॉलोनी, थाना सीबीगंज।

पुलिस ने दौड़ कर पकड़े तीनों

एसपी ने बताया कि पुलिस रात्रि गश्त के दौरान 99 बीघा ग्राउंड के पास मोटरसाइकिल पर खड़े तीन संदिग्धों को देखकर रुकी। रुकने का इशारा पाकर आरोपी भागने लगे, जिन्हें पुलिस ने दौड़कर पकड़ लिया। तलाशी में भारी मात्रा में स्मैक और चरस/सुल्फा के साथ एक टीवीएस स्पोर्ट्स बाइक बरामद की गई।

मुख्य आरोपी हो गया फरार

मुख्य सरगना अफजाल, उसका बेटा बिलाल और साथी रिजवान फरार हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं। नेपाल से खेप लाने के रूट और सप्लायर 'वीरजी' की पहचान कर ली गई है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/21 और 29 में मुकदमा दर्ज कर तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।

SP_Singh AURGURU Editor