मुस्कुराए नन्हें चेहरे: ‘कार्निवाल ऑफ लव एंड हार्मनी’ में बच्चों ने मनाया आत्मविश्वास का उत्सव

आगरा। रंग-बिरंगी मुस्कुराहटों और खिलखिलाहटों से दयालबाग का खेलगांव सोमवार को गूंज उठा, जब रोशनी चैरिटेबल ट्रस्ट ने कमजोर वर्ग के बच्चों के लिए कार्निवाल ऑफ लव एंड हार्मनी का आयोजन किया। यह कार्यक्रम न केवल मनोरंजन का माध्यम बना, बल्कि बच्चों में आत्मविश्वास और आत्मसम्मान जगाने की प्रेरक पहल भी साबित हुआ।

Nov 10, 2025 - 18:58
Nov 10, 2025 - 19:00
 0
मुस्कुराए नन्हें चेहरे: ‘कार्निवाल ऑफ लव एंड हार्मनी’ में बच्चों ने मनाया आत्मविश्वास का उत्सव
दयालबाग स्थित खेलगांव में आयोजित ‘कार्निवाल ऑफ लव एंड हार्मनी’ में जादू का आनंद लेते आकांक्षा प्राइमरी स्कूल के नन्हें बच्चे।

ट्रस्ट के अध्यक्ष मनोज बल ने बताया कि बाल दिवस से पहले इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य कमजोर वर्ग के बच्चों को आगे बढ़ने का अवसर देना और उनमें आत्मविश्वास पैदा करना है।

आकांक्षा महिला समिति द्वारा संचालित आकांक्षा प्राइमरी स्कूल के 120 बच्चों के लिए यह कार्निवाल एक यादगार दिन बन गया।

बच्चों के लिए खाने-पीने के स्टॉल, गेम्स, टैलेंट शो, और जुंबा डांस सेशन का आयोजन किया गया। छोटे-छोटे प्रतिभागियों ने मंच पर अपने हुनर से सबका दिल जीत लिया। बच्चों को मैगी, पास्ता, चिप्स और जूस वितरित किए गए, जिससे उनका उत्साह दोगुना हो गया।

कार्यक्रम का आकर्षण बना जादूगर अखिलेश का मनमोहक जादू शो और राजस्थानी कठपुतली का पारंपरिक प्रदर्शन, जिसने बच्चों को रोमांच और हंसी से भर दिया।

पूरे आयोजन में एक पहल संस्था के वॉलेंटियर्स ने व्यवस्था संभाली और बच्चों के साथ खेलों, डांस और मनोरंजन गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाई।

मैनेजिंग ट्रस्टी डॉ. सरोज प्रशांत ने बताया कि संस्था इस वर्ष फिजूल खर्ची से बचते हुए जरूरतमंद बच्चों के बीच दो चरणों में बाल दिवस मना रही है।
अगला चरण 14 नवंबर को न्यू आगरा पार्क में चंद्रबालिका प्राइमरी स्कूल के बच्चों के साथ आयोजित किया जाएगा, जहां विभिन्न मनोरंजक और शैक्षिक गतिविधियाँ होंगी।

इस अवसर पर चीफ ट्रस्टी डॉ. सरोज प्रशांत, मनीष राय, अंकित खंडेलवाल, हेमंत, पूजा, निधि, शबाना, मनीषा, आरती और स्नेहा सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor