एसएन टीबी निदान को नवीनतम पद्धति अपनाने वाला अग्रणी संस्थान बना
आगरा। विश्व क्षय रोग (टीबी) दिवस पर एसएन मेडिकल कॉलेज में जनभागीदारी, जन जागरूकता, टीबी के नवीनतम निदान और उपचार पद्धतियों से संबंधित अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गये।
एसएन में विश्व क्षय रोग दिवस पर जन जागरूकता के लिए हुए कई कार्यक्रम
एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने मल्टी-ड्रग रेजिस्टेंट टीबी तथा प्री एक्सडीआर टीबी के उपचार के लिए नवीनतम बीपीएएलएम रेजीमेन का ड्रग रेजिस्टेंट टीबी के मरीज को रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग की ओपीडी में दवा खिलाकर शुभारंभ किया।
डा गुप्ता ने बताया कि एसएन मेडिकल कॉलेज क्षय रोग के लिये नवीनतम उपचार पद्धति को अपनाने वाला अग्रणी चिकित्सा संस्थान बन गया है। जिससे क्षय रोग उन्मूलन 2025 के लक्ष्य को प्राप्त करने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर डॉ गजेंद्र विक्रम सिंह,अध्यक्ष स्टेट टीबी टास्क फ़ोर्स, उत्तर प्रदेश एवं विभागाध्यक्ष, रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग, एसएन मेडिकल कॉलेज, ने बताया कि यह छह महीने का पूरी तरह से ओरल उपचार है। जो अत्यंत प्रभावी है। इसके दुष्प्रभाव बहुत की कम हैं। इसकी सफलता दर 90% से अधिक है। एसएन मेडिकल कॉलेज देश के उन पांच सेंटर्स में से एक है, जहां बीपालएम रेजिमेन का परीक्षण किया गया था। इस अवसर पर पोस्ट ग्रेजुएट डिपार्टमेंट ऑफ़ मेडिसिन में एक संवेदीकरण सत्र का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जनभागीदारी, जन जागरूकता, टीबी के नवीनतम निदान और उपचार पद्धतियों पर केंद्रित था।
उप प्रधानाचार्य एवं विभागाध्यक्ष डा टीपी सिंह की अध्यक्षता में इस सीएमई में रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग, मेडिसिन विभाग तथा अन्य विभाग के विशेषज्ञों, चिकित्सा संकाय के सदस्यों और क्षय रोग नियंत्रण कार्यक्रम से जुड़े अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान टीबी के नवीनतम निदान विधियों जैसे सीबीएएएनटी, ट्रूनेट , एलपीए और होल जीनोम सिक्वेंसिंग पर भी चर्चा की गई।
डॉ. पीके माहेश्वरी, विभागाध्यक्ष, न्यूरोलॉजी विभाग ने कहा कि टीबी उन्मूलन में जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इस तरह के कार्यक्रम समाज में जागरूकता बढ़ाने में सहायक होंगे।
रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग की ओपीडी में एक जन जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन कम्युनिटी मेडिसिन की विभागाध्यक्ष डॉ. रेनू अग्रवाल एवं ऐनटीईपी कोर कमेटी के नोडल अफ़सर डा संतोष कुमार द्वारा किया। जिसमें टीवी के लक्षण एवं उपचार पर चर्चा की गई।
स्कूल ऑफ़ नर्सिंग, एसएन मेडिकल कॉलेज की प्रधानाचार्य के नेतृत्व में नर्सिंग की छात्राओं द्वारा क्षय रोग पर एक नुक्कड़ नाटक एवं जागरुकता रैली निकालकर भारत सरकार के “टीबी मुक्त भारत अभियान” के तहत टीबी उन्मूलन की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित किया।