एसएन के डॉक्टर व छात्रों ने पेश की सेवा की मिसाल, 1750 मरीजों का इलाज, स्वास्थ्य सेवा यात्रा में उमड़ा सेवा भाव
आगरा के SNMC के डॉक्टरों और मेडिकल छात्रों ने ‘स्वास्थ्य सेवा यात्रा’ के तहत 19 बस्तियों में 1750 मरीजों का इलाज किया। 200 से अधिक प्रतिभागियों ने इस अभियान में भाग लिया। यह कार्यक्रम अंबेडकर जयंती के अवसर पर आयोजित हुआ, जिसका उद्देश्य समाज सेवा और स्वास्थ्य जागरूकता फैलाना था।
अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में ब्रज प्रांत में आयोजन, 200 चिकित्सकों व छात्रों ने 19 बस्तियों में लगाया स्वास्थ्य शिविर
आगरा। आगरा के सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज (SNMC) के प्रधानाचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता के नेतृत्व में कॉलेज के चिकित्सकों और मेडिकल छात्रों ने सेवा का एक अनूठा उदाहरण पेश किया। नेशनल मेडिकोज़ ऑर्गेनाइजेशन (NMO) ब्रज प्रांत द्वारा आयोजित ‘पंडित दीन दयाल उपाध्याय स्वास्थ्य सेवा यात्रा’ में बड़ी संख्या में भाग लेकर उन्होंने समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई।
यह स्वास्थ्य सेवा यात्रा 12 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित की गई। यात्रा ब्रज प्रांत के कई जनपदों आगरा, मथुरा, एटा, सैफई, बदायूं, बरेली, शाहजहाँपुर और पीलीभीत में एक साथ संचालित हुई।
आगरा में सेवा भारती के सहयोग से 19 सेवा बस्तियों में स्वास्थ्य शिविर लगाए गए, जहां कुल 1750 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। जरूरतमंद मरीजों को आगे के उपचार के लिए SNMC रेफर किया गया, जहां उनका विशेष ध्यान रखा जाएगा।
इस अभियान में एसएन के 200 से अधिक डॉक्टरों और मेडिकल छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविरों में मरीजों की जांच, दवाइयों का वितरण और स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए गए।
उद्घाटन कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक रोहित जी, पूरन डावर, अशोक कुलश्रेष्ठ और डॉ. राकेश त्यागी सहित कई लोग उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े युवाओं के इस सेवा भाव की सराहना की। इस अवसर पर डॉ. प्रशांत गुप्ता ने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य “नर सेवा से नारायण सेवा” और “स्वास्थ्य सेवा से राष्ट्र सेवा” है। उन्होंने बताया कि मेडिकल छात्रों द्वारा बस्तियों में जाकर की गई सेवा उनके सामाजिक दायित्व को दर्शाती है। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि कैंपों से रेफर होकर आने वाले सभी जरूरतमंद मरीजों को बेहतर से बेहतर इलाज प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सेवा भारती, आरएसएस सेवा विभाग तथा कई सेवा भावी कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा। भवेन्द्र, सुनील, विजय गोयल और विमल समेत अनेक लोगों ने व्यवस्थाओं को संभालते हुए अहम भूमिका निभाई।