एलर्जी, अस्थमा व इम्यूनोलॉजी में एसएन मेडिकल कॉलेज की बड़ी उपलब्धि, प्रोफेसर रितु गुप्ता फेलोशिप से सम्मानित

आगरा। आगरा और आसपास के क्षेत्रों के रोगियों के लिए एलर्जी, अस्थमा, साइनस एवं श्वसन रोगों के उपचार के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। एस.एन. मेडिकल कॉलेज, आगरा की प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष (ईएनटी एवं हेड–नेक सर्जरी) डॉ. प्रोफेसर रितु गुप्ता को एलर्जी, अस्थमा एवं इम्यूनोलॉजी में प्रतिष्ठित फेलोशिप से सम्मानित किया गया है। इस उपलब्धि के बाद अब आगरा के मरीजों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के आधुनिक, वैज्ञानिक और प्रमाणित उपचार की सुविधा स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेगी।

Jan 13, 2026 - 12:37
 0
एलर्जी, अस्थमा व इम्यूनोलॉजी में एसएन मेडिकल कॉलेज की बड़ी उपलब्धि, प्रोफेसर रितु गुप्ता फेलोशिप से सम्मानित
प्रोफेसर (डॊ.) रितु गुप्ता।

डॉ. प्रोफेसर रितु गुप्ता ने इस अवसर पर एस.एन. मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता के सहयोग एवं मार्गदर्शन के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि यह फेलोशिप ग्लोबल एलर्जी प्रोग्राम के अंतर्गत संचालित की गई, जिसे इंटरनेशनल अस्थमा सर्विसेज, कोलोराडो (यूएसए) द्वारा एम्स ऋषिकेश एवं पीजीआई चंडीगढ़ के सहयोग से आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम को यूनिवर्सिटी ऑफ कोलोराडो, यूएसए का भी समर्थन प्राप्त है।

यह फेलोशिप एक वर्ष की अवधि की गहन एवं सतत प्रशिक्षण प्रक्रिया पर आधारित रही, जिसमें ऑफलाइन शिक्षण, ऑन-साइट डेमोंस्ट्रेशन तथा हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग को विशेष रूप से शामिल किया गया। प्रशिक्षण के दौरान पीजीआई चंडीगढ़, एम्स, यूनिवर्सिटी ऑफ कोलोराडो सहित देश-विदेश के वरिष्ठ विशेषज्ञों और अनुभवी फैकल्टी से मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।

इस उन्नत प्रशिक्षण के माध्यम से एलर्जी, अस्थमा और श्वसन संबंधी रोगों की बेहतर पहचान, सटीक निदान और प्रभावी उपचार की आधुनिक तकनीकों पर विशेष दक्षता प्राप्त हुई है। इसका सीधा लाभ आगरा सहित आसपास के जिलों के हजारों मरीजों को मिलेगा, जिन्हें अब बड़े महानगरों की ओर रुख करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

SP_Singh AURGURU Editor