एसएनएमसी आगरा में असाधारण सर्जरी, 16 गांठें हटाईं, फिर भी सुरक्षित रहा गर्भाशय
एसएनएमसी आगरा के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग ने 36 वर्षीय बांझपन पीड़ित महिला में गर्भाशय को सुरक्षित रखते हुए 16 फाइब्रॉइड निकालने की जटिल मायोमेक्टॉमी सर्जरी सफलतापूर्वक की। इस उपलब्धि ने महिला को मातृत्व की नई उम्मीद दी और संस्थान की उन्नत चिकित्सा क्षमताओं को एक बार फिर साबित किया।
जटिल मायोमेक्टॉमी सर्जरी में डॉक्टरों की कुशलता रंग लाई, 8×8 सेमी का बड़ा फाइब्रॉइड भी सफलतापूर्वक निकाला गया
आगरा। सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज (एसएनएमसी), आगरा ने एक बार फिर चिकित्सा उत्कृष्टता का परिचय देते हुए जटिल सर्जरी को सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की विशेषज्ञ टीम ने 36 वर्षीय महिला रोगी में गर्भाशय को सुरक्षित रखते हुए अत्यंत जटिल मायोमेक्टॉमी सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
पीड़ित महिला प्राथमिक बांझपन (Primary Infertility) और लंबे समय से पेट दर्द की समस्या से जूझ रही थी। जांच में गर्भाशय में कई यूटेराइन फाइब्रॉइड पाए गए, जिनमें एक बड़ा 8×8 सेंटीमीटर का फाइब्रॉइड भी शामिल था। सर्जरी के दौरान डॉक्टरों ने कुल 16 फाइब्रॉइड सफलतापूर्वक निकाले।
इस ऑपरेशन की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि तमाम जटिलताओं और जोखिमों के बावजूद गर्भाशय को पूरी तरह सुरक्षित रखा गया, जिससे महिला की भविष्य में गर्भधारण और मातृत्व की संभावना बनी रहे।
अनुभवी चिकित्सकों की टीम ने निभाई अहम भूमिका
यह जटिल सर्जरी प्रो. (डॉ.) अनु पाठक के निर्देशन में की गई। स्त्री रोग विभाग की टीम में डॉ. दिव्या यादव, डॉ. नीलांशा, डॉ. श्वेता, डॉ. अंशु, डॉ. ज्योत्सना, डॉ. गरिमा, डॉ. दीक्षा एवं डॉ. रुपल शामिल रहीं। एनेस्थीसिया विभाग से डॉ. मिहिर गुप्ता, डॉ. अनुभव, डॉ. अभिषेक और डॉ. कृति ने सर्जरी के दौरान महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
विभागाध्यक्ष और प्राचार्य ने सराहा प्रयास
प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) शिखा सिंह ने पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विभाग की उन्नत, सुरक्षित और प्रजनन क्षमता संरक्षित रखने वाली चिकित्सा सेवाओं का सशक्त उदाहरण है। वहीं एसएनएमसी आगरा के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) प्रशांत गुप्ता ने कहा कि यह उपलब्धि हमारे चिकित्सकों की उच्च स्तरीय विशेषज्ञता, उत्कृष्ट टीमवर्क और रोगी-केंद्रित दृष्टिकोण को दर्शाती है। एसएनएमसी आगरा भविष्य में भी अत्याधुनिक और सुरक्षित चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।