निर्माण जगत के स्तंभ समाजसेवी जेएस फौजदार का निधन, शहर में शोक की लहर

कावेरी हाउसिंग व कावेरी कन्स्ट्रक्शनस के संस्थापक समाजसेवी जेएस फौजदार का निधन हो गया। उनकी अंतिम यात्रा 12 फरवरी को एलोरा एंक्लेव, दयालबाग से ताजगंज शमशान घाट के लिए निकलेगी। वे अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। निर्माण क्षेत्र में नैतिकता और गुणवत्ता के प्रतीक रहे फौजदार के निधन से शहर में गहरा शोक है।

Feb 11, 2026 - 15:29
 0
निर्माण जगत के स्तंभ समाजसेवी जेएस फौजदार का निधन, शहर में शोक की लहर
जेएस फौजदार

आगरा। कावेरी हाउसिंग व कावेरी कन्स्ट्रक्शन्स  के संस्थापक एवं प्रख्यात समाजसेवी जेएस फौजदार का आज निधन हो गया। उनके देहावसान की खबर से शहर में शोक की लहर दौड़ गई। निर्माण व्यवसाय और सामाजिक क्षेत्र में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनकी अंतिम यात्रा 12 फरवरी को दोपहर एक बजे उनके निवास एलोरा एंक्लेव, दयालबाग से प्रस्थान कर शमशान घाट, ताजगंज पहुंचेगी।

श्री फौजदार अपने पीछे पत्नी निशी फौजदार, पुत्र विकास फौजदार व सचिन फौजदार, पौत्र आर्यन, अर्जुन, विहान और काइतो जगत सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन से नगर में एक ऐसी शून्यता उत्पन्न हो गई है, जिसकी पूर्ति निकट भविष्य में संभव प्रतीत नहीं होती। वे न केवल एक सफल उद्योगपति थे, बल्कि निर्माण क्षेत्र में नैतिकता, पारदर्शिता और सिद्धांतों के दृढ़ प्रतीक माने जाते थे।

जेएस फौजदार ने केवल इमारतें खड़ी नहीं कीं, बल्कि ऐसे विशिष्ट और गरिमामय स्थापत्य विकसित किए, जिन्होंने आगरा के शहरी परिदृश्य को नई पहचान दी। उनके द्वारा निर्मित आवासीय एवं व्यावसायिक परियोजनाएं आज भी गुणवत्ता और विश्वसनीयता की मिसाल मानी जाती हैं। उनकी कार्यशैली में ईमानदारी और समाज के प्रति उत्तरदायित्व स्पष्ट झलकता था। वे सामाजिक सरोकारों से जुड़े रहे और जरूरतमंदों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहते थे। उनका व्यक्तित्व सादगी, विनम्रता और कर्मनिष्ठा का अद्भुत संगम था। वे आने वाली पीढ़ियों के लिए एक आदर्श और प्रेरणा-स्रोत के रूप में सदैव स्मरण किए जाते रहेंगे।