आचार्य विद्यासागर महाराज के समाधि दिवस पर जैन मंदिर में भावपूर्ण भजन संध्या

आगरा। आचार्य श्री विद्यासागर महाराज के पावन समाधि दिवस के अवसर पर बुधवार को जयपुर हाउस स्थित श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में श्रद्धा, भक्ति और साधना से ओतप्रोत भजन संध्या का आयोजन किया गया। सायंकाल आरंभ हुए इस आध्यात्मिक कार्यक्रम में जैन समाज के श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर आचार्य श्री के त्याग, तप और राष्ट्र-समाज के प्रति उनके अमूल्य योगदान को नमन किया।

Feb 18, 2026 - 21:33
 0
आचार्य विद्यासागर महाराज के समाधि दिवस पर जैन मंदिर में भावपूर्ण भजन संध्या
जयपुर हाउस के शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में आचार्य विद्या सागर महाराज के समाधि दिवस पर आयोजित भजन संध्या में मौजूद श्रद्धालु महिलाएं।

भजन संध्या के दौरान आचार्य श्री विद्यासागर महाराज के विराट व्यक्तित्व, उनकी तपस्वी जीवनशैली, सरलता और आत्मसंयम के संदेशों को स्मरण किया गया। भजन मंडली द्वारा प्रस्तुत मधुर एवं भक्तिमय भजनों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। संपूर्ण मंदिर प्रांगण भक्ति, शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो उठा।

कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजनों के साथ-साथ युवाओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की और आचार्य श्री के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया। समापन अवसर पर सामूहिक प्रार्थना एवं मंगल पाठ के साथ विश्व शांति, सद्भाव और आत्मकल्याण की कामना की गई।

इस अवसर पर श्री शांतिनाथ महिला मंडल की अध्यक्ष रुचि जैन, मंत्री राखी रावका, अनु जैन, ऋतु जैन, डॉली, सीमा, रंजीता, नीतू, नेहा, सोनल, निधि, सुमन, महक, रुचि, रूबी, रेनू, योगिता, शालू, मंजू, आकांक्षा, एकता, करुणा, गुंजन, कल्पना, कृष्णा, शिखा, प्रिया, शिल्पी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। वहीं समाज के अन्य सदस्यों में दीपक जैन (मसाले वाले), राकेश जैन (पर्दे वाले), अमित सेठिया, नीरज जैन, मोहित रावका सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।

समाज के सदस्यों ने ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को निरंतर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त करते हुए कहा कि आचार्य श्री विद्यासागर महाराज की शिक्षाएं आज भी समाज को सही दिशा देने का कार्य कर रही हैं।

SP_Singh AURGURU Editor