आधी रात वजीरपुरा में गूंजी गोली की आवाज से सनसनी, युवक जिंदगी और मौत से जूझ रहा, पिता हिरासत में
आगरा के वजीरपुरा में युवक हर्ष अरोरा को संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगी। घटना रात करीब 2:30 बजे पिता शाहिद के घर पर हुई। गंभीर हालत में हर्ष अरोरा का पुष्पांजलि हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। पारिवारिक विवाद के दौरान गोली चलने की आशंका। पुलिस ने पिता शाहिद को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। हरीपर्वत थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
आगरा। आगरा के हरीपर्वत थाना क्षेत्र स्थित वजीरपुरा इलाके में देर रात गोली चलने की घटना से सनसनी फैल गई। घटना में हर्ष अरोरा नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है और उसका उपचार पुष्पांजलि हॉस्पिटल में चल रहा है।
सूत्रों के अनुसार, हर्ष अरोरा बुधवार देर रात करीब 2:30 बजे अपने पिता शाहिद के वजीरपुरा स्थित घर पहुंचा था। बताया जा रहा है कि घर पहुंचने के बाद किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जिसके दौरान हर्ष को गोली लग गई। गोली लगने के बाद परिवार और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक हर्ष अरोरा अपनी मां के साथ बोदला क्षेत्र में रहता है, जबकि उसके पिता शाहिद वजीरपुरा में अपनी पहली पत्नी के साथ रहते हैं। हर्ष को शाहिद की दूसरी पत्नी का बेटा बताया जा रहा है। घटना के पीछे पारिवारिक विवाद या अन्य किसी कारण की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही हरीपर्वत थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पूछताछ के लिए हर्ष के पिता शाहिद को हिरासत में ले लिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गोली कैसे चली और इसके पीछे की वास्तविक वजह क्या थी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घायल युवक के बयान और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले को संदिग्ध मानते हुए गहन जांच की जा रही है।