नाबालिग पर पुलिसिया बर्बरता के खिलाफ सपा का डीसीपी सिटी दफ्तर का घेराव, दोषियों पर एफआईआर की मांग
आगरा के थाना छत्ता क्षेत्र की जीवनी मंडी चौकी पर नाबालिग बच्चे के साथ कथित अमानवीय और असंवेदनशील व्यवहार ने आगरा की सियासत और प्रशासन दोनों को कठघरे में खड़ा कर दिया है। इस मामले को लेकर समाजवादी पार्टी ने कलेक्ट्रेट स्थित डीसीपी सिटी आफिस पर घेराव कर पुलिसिया कार्यशैली पर तीखा प्रहार किया और दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज करने की माँग की।
आगरा। थाना छत्ता क्षेत्र की जीवनी मंडी चौकी पर नाबालिग नरेंद्र कुशवाह के साथ पुलिस द्वारा किए गए अमानवीय, असंवेदनशील और निंदनीय व्यवहार के विरोध में समाजवादी पार्टी ने बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित डीसीपी सिटी दफ्तर पर घेराव किया। इस घटना को लेकर आम नागरिकों, विशेषकर अभिभावकों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।
इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास एवं जिलाध्यक्ष ऊदल सिंह कुशवाहा ने किया। घेराव में समाजवादी पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता, पदाधिकारी और समर्थक शामिल हुए, जिन्होंने नाबालिग के साथ हुए कथित अन्याय के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोषियों पर तत्काल और कठोर कार्रवाई की माँग उठाई।
घेराव के पश्चात समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त पुलिस (डीसीपी) आगरा अली अब्बास से मुलाकात कर पूरे प्रकरण की विस्तृत जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नाबालिग के साथ किसी भी प्रकार की हिंसा या दुर्व्यवहार गंभीर अपराध है और ऐसे मामलों में केवल विभागीय कार्रवाई नहीं, बल्कि आपराधिक मुकदमा दर्ज होना चाहिए।
उपायुक्त पुलिस अली अब्बास ने प्रतिनिधिमंडल को अवगत कराया कि मामले में विभागीय जांच प्रारंभ कर दी गई है और जांच पूरी होने के बाद 15 दिनों के भीतर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि जांच में दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर विधिसम्मत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस मौके पर महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने कहा कि समाजवादी पार्टी की स्पष्ट और दो टूक मांग है कि दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए। नाबालिग बच्चों और आम नागरिकों के साथ किसी भी तरह का अत्याचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि प्रशासन ने समय रहते निष्पक्ष और ठोस कार्रवाई नहीं की, तो समाजवादी पार्टी इस आंदोलन को और व्यापक रूप देगी।
घेराव में ममता टपलू, पुष्पेंद्र शर्मा, अजीज कुरैशी, जमीन सिद्दीकी, अजीज अब्बास, हर्ष धाकड़, आजाद वाल्मीकि, सुरेंद्र दिवाकर, अमित यादव, ओम पंडित सहित अनेक वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
Top of Form