सपा ने यूपी को कंगाल बना दिया था, मोदी के बजट ने बनाया ग्रोथ इंजन- डॉ. महेंद्र सिंह का बड़ा सियासी हमला
केंद्रीय बजट 2026-27 को उत्तर प्रदेश के लिए ऐतिहासिक बताते हुए पूर्व जल शक्ति मंत्री, विधान परिषद सदस्य एवं मध्य प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने समाजवादी पार्टी के शासनकाल पर तीखा हमला बोला है। बरेली में दावा किया कि सपा के दौर में उत्तर प्रदेश आर्थिक, सामाजिक और कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर पूरी तरह कंगाल हो गया था, जबकि आज वही प्रदेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का अग्रणी और ‘सरप्लस स्टेट’ बन चुका है।
-रमेश कुमार सिंह-
बरेली। केंद्रीय बजट 2026-27 को विकसित भारत के संकल्प को जमीन पर उतारने वाला बताते हुए डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि यह बजट उत्तर प्रदेश को देश की विकास गाथा का नेतृत्वकर्ता बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने अखिलेश यादव के कार्यकाल को निशाने पर लेते हुए कहा कि सपा शासन में उत्तर प्रदेश चारों ओर से अराजकता, दंगों और आर्थिक बदहाली में डूबा हुआ था। उनके अनुसार, उस दौर में प्रदेश में 125 से अधिक दंगे हुए और कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई थी।
डॉ. सिंह ने कहा कि आज वही उत्तर प्रदेश कृषि विकास दर में 14 प्रतिशत और औद्योगिक विकास दर में 7.6 प्रतिशत के साथ देश में शीर्ष स्थान पर है। उन्होंने दावा किया कि यूपी अब केवल उपभोक्ता राज्य नहीं, बल्कि देश की ग्रोथ मशीन बन चुका है।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय बजट 2026-27 में लगभग 2.80 लाख करोड़ रुपये उत्तर प्रदेश को मिले हैं। बजट में दो हाई-स्पीड ट्रेनें, वाराणसी से हल्दिया तक नेशनल वॉटरवे-1, राष्ट्रीय राजमार्गों का विस्तार और कनेक्टिविटी को नई मजबूती दी गई है। लघु, सूक्ष्म एवं मध्यम उद्योगों के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान, पीएम मित्र पार्क और हर जिले में ट्रॉमा सेंटर की योजना से प्रदेश को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।
डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर, उद्योग, कृषि और युवा—इन चार स्तंभों को केंद्र में रखकर बजट की रूपरेखा तैयार की गई है। हाई-स्पीड रेल, रेलवे आधुनिकीकरण और एक्सप्रेसवे नेटवर्क से लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज और आगरा जैसे शहर आर्थिक गतिविधियों के बड़े केंद्र बनेंगे। मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक्स, फ्रेट कॉरिडोर और राष्ट्रीय राजमार्गों में निवेश से उत्तर प्रदेश को लॉजिस्टिक हब के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे पूर्वांचल, बुंदेलखंड और पश्चिमी यूपी में उद्योगों की लागत घटेगी और निवेश बढ़ेगा।
उन्होंने बताया कि 10,000 करोड़ के एमएसएमई ग्रोथ फंड से कुटीर उद्योग, हस्तशिल्प, हैंडलूम, चमड़ा और फूड प्रोसेसिंग सेक्टर को नई ऊर्जा मिलेगी। वहीं बायोफार्मा शक्ति योजना से उत्तर प्रदेश फार्मा और मेडिकल डिवाइस निर्माण का प्रमुख केंद्र बनेगा।
डॉ. सिंह ने कहा कि गंगा नदी पर नेशनल वॉटरवे-1 के अंतर्गत वाराणसी में इनलैंड वॉटरवे शिप रिपेयर इकोसिस्टम से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। अमेरिकी टैरिफ के मुद्दे पर डॉ. महेंद्र सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी की कूटनीति को बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि अमेरिका द्वारा बढ़ाया गया टैरिफ 50 प्रतिशत से घटकर 18 प्रतिशत पर आना भारत के लिए बड़ी उपलब्धि है।
यूजीसी के नए नियमों पर पूछे गए सवाल पर डॉ. सिंह ने स्पष्ट किया कि यह मामला न्यायालय में लंबित है, इसलिए वे इस पर कोई टिप्पणी नहीं करेंगे।