फतेहपुर सीकरी में अपराधों की ताबड़तोड़ घटनाएं, मंदिर में चोरी, दुष्कर्म और पर्यटकों से मारपीट
फतेहपुर सीकरी में लगातार तीन बड़ी घटनाओं मंदिर चोरी, नाबालिग से दुष्कर्म और पर्यटकों से मारपीट ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने दो मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरे मामले में जांच जारी है।
आगरा/ फतेहपुर सीकरी। फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में बीते दिनों आपराधिक घटनाओं की श्रृंखला ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। मंदिरों में चोरी और तोड़फोड़, नाबालिग से दुष्कर्म और ऐतिहासिक स्थल पर पर्यटकों से मारपीट, तीनों मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी या जांच शुरू कर दी है।
मंदिर में चोरी और तोड़फोड़ का आरोपी गिरफ्तार
लाल दरवाजा क्षेत्र स्थित मंदिर में शुक्रवार रात करीब 1 बजे चोरी और तोड़फोड़ की घटना सामने आई। आरोपी ने मंदिर का दरवाजा तोड़कर अंदर सामान क्षतिग्रस्त किया और चोरी का प्रयास किया। विरोध करने पर वह धमकी देकर फरार हो गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करते हुए आरोपी हरिराम पुत्र विजय सिंह निवासी सामरा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में यह भी सामने आया कि 30 मार्च को सामरा स्थित धर्मशाला मंदिर में भी इसी आरोपी ने तोड़फोड़ की थी। पुलिस अब उससे अन्य घटनाओं की जानकारी जुटा रही है।
नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे
क्षेत्र में एक और सनसनीखेज मामला सामने आया, जिसमें नाबालिग बच्चे के साथ दुष्कर्म किया गया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी साहिल उर्फ शादिक उर्फ लल्ला पुत्र कल्लू, निवासी नया बांस को पहाड़ी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ धारा 5/6 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।
बुलंद दरवाजा पर पर्यटकों से मारपीट, वीडियो वायरल
रविवार शाम बुलंद दरवाजा पर घूमने आए पर्यटकों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। फिरोजाबाद निवासी फैजान और हाशिम अपने साथियों के साथ स्मारक घूमने आए थे। आरोप है कि वीडियो बनाने को लेकर एक स्थानीय व्यक्ति ने विवाद शुरू कर दिया और गाली-गलौज के बाद मारपीट की। घटना का वीडियो भी पर्यटकों ने रिकॉर्ड किया। सूचना पर सिक्योरिटी टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। पीड़ितों ने थाना फतेहपुर सीकरी में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।