आगरा में एनयूजे के राष्ट्रीय पत्रकार सम्मेलन में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य बोले- पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ, सरकार और समाज के बीच मजबूत सेतु, ‘वन नेशन-वन इलेक्शन’, ऊर्जा संरक्षण और विकसित भारत के संकल्प पर दिया जोर

आगरा। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और पत्रकार समाज तथा सरकार के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करते हैं। यदि सरकार कहीं कमी करती है तो उसे उजागर करना पत्रकारों का अधिकार है और यदि कोई अच्छा कार्य होता है तो उसे जनता तक पहुंचाना भी पत्रकारों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में स्वतंत्र, निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

Jun 7, 2026 - 19:47
 0
आगरा में एनयूजे के राष्ट्रीय पत्रकार सम्मेलन में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य बोले- पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ, सरकार और समाज के बीच मजबूत सेतु, ‘वन नेशन-वन इलेक्शन’, ऊर्जा संरक्षण और विकसित भारत के संकल्प पर दिया जोर
विवि के खंदारी कैंपस स्थित जेपी सभागार में एनयूजे के राष्ट्रीय पत्रकार सम्मेलन को संबोधित करते यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य। मंचस्थ हैं अतिथिगण।

उपमुख्यमंत्री रविवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के खंदारी परिसर स्थित जेपी सभागार में आयोजित नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) के राष्ट्रीय पत्रकार सम्मेलन को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम से पूर्व उन्होंने एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत परिसर में पौधारोपण किया। मुख्य मंच पर पहुंचने पर पत्रकारों एवं संगठन पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ, स्मृति चिह्न और पटका पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। अपने संबोधन में केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि वर्ष 1972 से प्रारंभ हुई लगभग 55 वर्षों की गौरवशाली यात्रा तय करने वाले नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) के राष्ट्रीय सम्मेलन में उपस्थित सभी पत्रकारों का वह अपनी पार्टी और सरकार की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन करते हैं।

उन्होंने कहा कि भारतीय वैचारिक परंपरा में संगठन को हमेशा सरकार से बड़ा माना गया है। पत्रकारिता समाज और शासन के बीच संवाद का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि राजनीतिज्ञ, चिकित्सक, पुलिसकर्मी और पत्रकार ऐसे क्षेत्र हैं जिनमें कार्यरत लोगों का दायित्व 24 घंटे का होता है और उन्हें किसी भी समय अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना पड़ सकता है।

उपमुख्यमंत्री ने आपातकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौर में लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की रक्षा के लिए पत्रकारों ने अनेक चुनौतियों का सामना किया था। उन्होंने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और उसकी मजबूती में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ की अवधारणा का समर्थन करते हुए कहा कि इससे समय, धन और संसाधनों की बचत होगी तथा विकास कार्यों को अधिक गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि देश की युवा पीढ़ी और आम नागरिक भी इस विचार का समर्थन कर रहे हैं। बचत की भारतीय परंपरा का उल्लेख करते हुए उन्होंने ऊर्जा संरक्षण को समय की आवश्यकता बताया और कहा कि ऊर्जा की बचत करके देश ऊर्जा संकट जैसी चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना कर सकता है।

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया जैसे अभियानों ने देश को नई पहचान दी है। उन्होंने कहा कि देश में उत्पादन बढ़ने से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। रक्षा उत्पादन, ऊर्जा अनुसंधान, गैस भंडारों की खोज और परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में भारत लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में दुनिया अनेक संकटों और संघर्षों से गुजर रही है, लेकिन भारत शांति, संवाद और विकास का मार्ग दिखाने वाला राष्ट्र बनकर उभर रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विभिन्न देशों द्वारा दिए गए अंतरराष्ट्रीय सम्मानों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह केवल प्रधानमंत्री का नहीं बल्कि देश की 150 करोड़ जनता का सम्मान है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में विश्व भारत के विकास और शांति के मार्ग का अनुसरण करेगा।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार पत्रकारों की समस्याओं के समाधान और लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने पत्रकारों से निष्पक्षता, जिम्मेदारी और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया तथा आश्वासन दिया कि सरकार पत्रकार हितों के प्रति संवेदनशील है।

इससे पूर्व नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रास बिहारी ने स्वागत भाषण में कहा कि आपातकाल के दौरान संगठन ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष किया था। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मीडिया की स्वतंत्रता, फर्जी पत्रकारों और फर्जी पत्रकार संगठनों की बढ़ती संख्या गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में संगठन का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री से मुलाकात कर आवश्यक कार्रवाई की मांग करेगा।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय महासचिव प्रदीप तिवारी, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अरविंद सिंह, राष्ट्रीय संगठन मंत्री प्रमोद गोस्वामी, कार्यक्रम संचालक सुरेंद्र दुबे, वीरेंद्र सक्सेना, डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी, मोहन बाबू अग्रवाल, एनयूजे के जिला अध्यक्ष केपी सिंह, जिला महासचिव दिलीप सुराना, अजेंद्र चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनियां, शहर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता तथा विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, शिक्षाविद एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor