आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मौत बनकर दौड़ी रफ्तार: फतेहाबाद क्षेत्र में कंटेनर में समाई कार के परखच्चे उड़े, तीन की दर्दनाक मौत, पांच जिंदगी के लिए जूझ रहे
आगरा। 1 जून। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। बिहार से राजस्थान के चूरू जा रही एक टैक्सी कार चालक को झपकी आने के बाद अनियंत्रित होकर आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भयावह थी कि कार का आधा हिस्सा कंटेनर में समा गया और मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
रात डेढ़ बजे हुआ हादसा, मची चीख-पुकार
जानकारी के अनुसार रविवार देर रात करीब 1:45 बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 36.950 पर आगरा से लखनऊ की ओर जा रही टैक्सी कार संख्या आरजे-10-टीए-2481 (किआ कैरेंस) आगे चल रहे कंटेनर संख्या एनएल-01-एसी-5856 से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का कंडक्टर साइड वाला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर कंटेनर में फंस गया।
चालक समेत आठ लोग थे सवार
कार को राजस्थान के चूरू जनपद के सरदारशहर क्षेत्र निवासी मोहम्मद सोएब पुत्र मोहम्मद सलीम चला रहे थे। वाहन में कुल आठ लोग सवार थे। मृतकों के नाम शंकर कुमार पुत्र रीत करन, सुनील कुमार पुत्र कांति और प्रीति बताए गये हैं। घायल में मोहम्मद सोएब पुत्र मोहम्मद सलीम (चालक), परमिता कुमारी पत्नी राजीव कुमार, राजीव कुमार पुत्र रूपचंद, पूजा कुमारी पत्नी सुनील कुमार और अयान्श (8 वर्ष) पुत्र सुनील कुमार शामिल हैं।
कार में फंस गए शव, घंटों चला राहत अभियान
हादसे में शंकर कुमार, सुनील कुमार और प्रीति की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद तीनों शव कार के अंदर बुरी तरह फंस गए थे। सूचना मिलते ही चौकी लुहारी पुलिस, पीआरवी, एंबुलेंस सेवाएं, यूपीडा टीम, फतेहाबाद थाना पुलिस, एटलस सेफ्टी टीम तथा हाइड्रा मशीन मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा की मोर्चरी भेजा गया।
पांच घायलों का चल रहा उपचार
हादसे में घायल पांचों लोगों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहाबाद पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
दुर्घटना के बाद कंटेनर चालक वाहन को किलोमीटर संख्या 36.800 पर खड़ा कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में लेकर सुरक्षित स्थान पर खड़ा करा दिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है।
मृतका के आभूषण और सामान पुलिस ने लिया कब्जे में
पुलिस ने मृतका प्रीति के आभूषण एवं अन्य सामान को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित रख लिया है। वहीं क्षतिग्रस्त कार को चौकी लुहारी परिसर में खड़ा कराया गया है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि बाद में एक्सप्रेसवे पर यातायात सामान्य कर दिया गया।
एक्सप्रेसवे पर फिर उठा सुरक्षा का सवाल
प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर एक्सप्रेसवे पर लंबी दूरी तय करने वाले चालकों की सुरक्षा और विश्राम व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।