आगरा-दिल्ली हाईवे पर रफ्तार का कहर, ट्रक की टक्कर से बुलेट सवार युवक की दर्दनाक मौत
आगरा। आगरा-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने सभी को झकझोर दिया। अबुल उल्लाह दरगाह के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बुलेट बाइक सवार युवक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि युवक का हेलमेट पूरी तरह टूट गया और सिर में गंभीर चोट लगने से उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान सिकंदरा निवासी बंशो सिंह के रूप में हुई है, जो एक निजी अस्पताल में कार्यरत थे। परिजनों के अनुसार बंशो सिंह रोज की तरह सुबह बाइक से ड्यूटी के लिए निकले थे। जैसे ही वह दरगाह के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक को रौंद दिया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि टक्कर के बाद युवक कई फीट दूर जा गिरा, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त बाइक व शव को कब्जे में लिया। दुर्घटना के चलते कुछ देर के लिए हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई, जिसे पुलिस ने यातायात नियंत्रित कर सामान्य कराया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मृतक के पास मिले दस्तावेजों के आधार पर परिजनों को सूचना दी गई।
पुलिस का कहना है कि फरार ट्रक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं स्थानीय लोगों ने हाईवे पर तेज रफ्तार और भारी वाहनों की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।