आगरा में रफ्तार का कहर: बरहन रोड पर आमने-सामने से टकराईं दो कारें, महिलाएं-बच्चे घायल

आगरा। थाना एत्मादपुर क्षेत्र के बरहन रोड स्थित अली-बली चौराहे पर दो कारों की आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई, जिसमें महिलाओं और बच्चों सहित कई लोग घायल हो गए। हादसे में दो महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद आगरा रेफर किया गया है।

Jan 22, 2026 - 21:20
 0
आगरा में रफ्तार का कहर: बरहन रोड पर आमने-सामने से टकराईं दो कारें, महिलाएं-बच्चे घायल
एत्मादपुर थाना क्षेत्र में बरहन रोड पर आमने-सामने से टकराने पर क्षतिग्रस्त हुई कारें।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक कार बरहन से आगरा की ओर जा रहे एक परिवार की थी, जिसमें महिलाएं और बच्चे सवार थे। दूसरी कार तेज रफ्तार में आ रही थी और अचानक नियंत्रण खो बैठी, जिससे दोनों वाहन आमने-सामने ले टकरा गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों कारों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही थाना एत्मादपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया और गंभीर रूप से घायल महिलाओं को आगरा के उच्च चिकित्सा संस्थान के लिए रेफर कराया। फिलहाल घायलों के नामों की जानकारी नहीं हो सकी है। पुलिस ने दोनों कारों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों को आशंका है कि दूसरी कार का चालक शराब के नशे में था, जो हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तहरीर मिलने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है और उनकी पहचान व हालत की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

SP_Singh AURGURU Editor