आगरा में तेज रफ्तार कार चंबल नहर में जा गिरी, एक की मौत, तीन अन्य घायल

आगरा। तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। आगरा के थाना जैतपुर क्षेत्र अंतर्गत गांव कमतरी मोड़ के पास रविवार सुबह एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर चंबल नहर में जा गिरी। हादसे में कार सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को ग्रामीणों व पुलिस की मदद से बाहर निकालकर उपचार के लिए सीएचसी बाह में भर्ती कराया गया है।

Jan 25, 2026 - 16:14
 0
आगरा में तेज रफ्तार कार चंबल नहर में जा गिरी, एक की मौत, तीन अन्य घायल
आगरा के जैतपुर क्षेत्र में चंबल नहर में गिरी कार।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार में चार लोग सवार थे, जो आगरा के बसई खुर्द से कचौरा की ओर जा रहे थे। कमतरी मोड़ के पास अचानक वाहन चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार सीधे चंबल नहर में जा समाई। तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही थाना जैतपुर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की सहायता से कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे सभी चारों लोगों को नहर से बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल एंबुलेंस से सीएचसी बाह भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। शेष तीन घायलों का उपचार जारी है। पुलिस द्वारा मृतक की शिनाख्त की जा रही है। नहर में ज्यादा पानी नहीं था, अन्यथा यह हादसा और बड़ा हो सकता था। 

पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और मोड़ पर नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। मृतक व घायलों की पहचान की कार्रवाई की जा रही है तथा परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस ने बताया कि घटना की विस्तृत जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

SP_Singh AURGURU Editor